हिमाचल में अब आधे घंटे में आ जाएगी स्वाइन फ्लू की टेस्ट रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में मरीजों को स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट अब आधे घंटे के भीतर उपलब्ध होगी। मरीजों को अस्पताल के अलावा घर में भी दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता इन मरीजों के घर जाएंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लोगों को बीमारी को लेकर ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार इस दिशा में पहले ही उपयुक्त कदम उठा चुकी है और दवाइयां उपलब्ध हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी सर्दी-जुकाम, बुखार या सिरदर्द का मरीज आता है, उनके भी स्वाइन फ्लू के टेस्ट किए जाएं। कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने विधानसभा में प्रश्नकाल के तुरंत बाद स्वाइन फ्लू का मामला उठाया।
हिमाचल में स्वाइन फ्लू महामारी नहीं, बल्कि प्रकोप
उन्होंने कहा कि हिमाचल में स्वाइन फ्लू फैला है। इसको लेकर सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए? जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों के लिए दवाइयां उपलब्ध करवाई गई हैं। लोग ठीक होकर घर जा रहे हैं।
हिमाचल में स्वाइन फ्लू महामारी नहीं, बल्कि प्रकोप है। गर्मियां शुरू होते ही यह बीमारी खत्म हो जाती है। हिमाचल ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों में भी इस बीमारी का प्रकोप है।
जिन व्यक्तियों की उम्र 65 साल से ज्यादा है या फिर व्यक्ति अन्य बीमारी से ग्रस्त हैं, उन्हें यह बीमारी जल्द अपनी गिरफ्त में ले रही है। बुजुर्गों में इस बीमारी से लड़ने की क्षमता कम होती है। ऐसे में बुजुर्ग ज्यादा इसकी चपेट में आ रहे हैं।
विधायक बोले - विस में उपलब्ध कराई जाए जांच की व्यवस्था
विधायकों ने मुख्यमंत्री से अपील की कि विधानसभा औषधालय में भी स्वाइन फ्लू जांच की व्यवस्था होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल इस बीमारी की चपेट में आए हैं। विधायक लखनपाल भी स्वाइन फ्लू की चपेट में हैं। सीएम ने विधायकों को आश्वस्त किया कि उनकी यह मांग पूरी की जाएगी।
वीरभद्र मजबूत, नेगी आप कमजोर
विधानसभा में स्वाइन फ्लू को लेकर जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस बीमारी से डर लग रहा है। विधानसभा अध्यक्ष के साथ काफी सारे लोग मिले हैं। ऐसे में मंत्री विपिन सिंह ने चुटकी ली, नेगी जी आप कमजोर हैं... वीरभद्र सिंह जी को भी देखो, यह कितने मजबूत हैं। इतना कहने पर सदन में खूब ठहाके लगे।