शिमला: बालूगंज के दो मिठाई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, बस स्टैंड में गुलाबजामुन में मिली मरी मक्खियां
Shimla Food Safety Action: शिमला में खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने खाद्य मानकों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की है। बालूगंज क्षेत्र में मिठाइयों में कॉकरोच मिलने के मामले में दो प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। वहीं बस स्टैंड की एक मिठाई दुकान में गुलाबजामुन में मरी मक्खियां मिलने पर करीब 10 किलो मिठाई मौके पर नष्ट करवाई गई। विभाग ने छोटा शिमला और संजौली सहित आठ दुकानों का निरीक्षण भी किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिठाई विक्रेताओं पर खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। बालूगंज में मिठाइयों में कॉकरोच मिलने के मामले में विभाग ने वीरवार को दो प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए। विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। विभाग के अनुसार इन दुकानदारों को ऑनलाइन नोटिस जारी कर दिए हैं। अब यह दुकानदार किसी भी तरह का खाद्य पदार्थ नहीं बेच पाएंगे। नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाते हैं तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग का कहना है कि रसगुल्ला और गुलाबजामुन समेत अन्य मिठाइयों में कॉकरोच पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना है।
शहर में इन दिनों त्योहारों का सीजन चल रहा है। इस कारण मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट में बड़ी संख्या में मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। विभाग के अनुसार, कुछ संचालक अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। यही वजह है कि वीरवार को भी कार्रवाई जारी रही। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. विजया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा की अगुवाई में टीम ने वीरवार सुबह भी शहर के बस स्टैंड, छोटा शिमला और संजौली में आठ दुकानों का निरीक्षण किया। बस स्टैंड स्थित मिठाई की दुकान के निरीक्षण के दौरान गुलाबजामुन में मरी हुई मक्खियां पाई गईं। इस पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो मिठाई मौके पर नष्ट करवाई। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, रखरखाव और दुकानों में स्वच्छता की भी जांच की गई। हालांकि छोटा शिमला और संजौली में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक पाई गई। टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान की कार्रवाई का मामला स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल के समक्ष भी पहुंचा था। इसके बाद उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए संज्ञान लेने की बात कही थी। यही वजह है कि विभाग अलर्ट मोड में काम करते हुए ऐसे लोगों पर शिकंजा कस रहा है। विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को मिठाइयों के निर्माण में केवल मानक गुणवत्ता वाले खोया और पनीर का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। हिदायत दी हैकि मिठाइयों में केवल अनुमति प्राप्त खाद्य रंगों का इस्तेमाल करें।
दो प्रतिष्ठानों की मिठाइयों में कॉकरोच पाए गए थे। यह खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है, इसलिए दोनों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इस तरह के गंभीर उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। -डॉ. विजया, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग शिमला