भारत-पाक मैच रद्द कराने के लिए पीएम मोदी को लिखा पत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला में 19 मार्च को होने वाले भारत-पाकिस्तान किक्रेट मैच को रद्द करवाने के लिए सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने पीएम से मैच रद्द करने का आग्रह किया है।
वहीं, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी पीएम मोदी को पत्र लिखने की बात की है। उधर, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने भी प्रधानमंत्री को मैच न करवाने को लेकर पत्र लिखा है। शांता ने कहा है कि हिमाचल वीर सैनिक जवानों का घर है।
ऐसे में यहां भारत-पाक मैच नहीं होना चाहिए। पूर्व सैनिकों के संगठन भी विरोध स्वरूप सामने आ गए हैं। कांगड़ा पूर्व सैनिक संगठन ने तो घोषणा कर दी है कि पूर्व सैनिक पाकिस्तान के खिलाड़ियों को कांगड़ा की धरती पर पैर नहीं रखने देंगे।
बातचीत रद्द तो फिर मैच क्यों हो
प्रदेश कांग्रेस सरकार भी इस मैच का विरोध कर रही है। मधुर संबध बनाने के लिए प्रधानमंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को बधाई देने लाहौर गए। उसके बदले पाकिस्तान ने पहले गुरदासपुर और फिर पठानकोट में आतंकवादी हमला किया।
इन परिस्थितियों को देख पाकिस्तान के साथ होने वाली शांति वार्ता स्थगित कर दी गई। हिमाचल के लोग इस बात के लिए हैरान है कि बातचीत रद्द हो सकती है तो क्रिकेट मैच रद्द क्यों नहीं हो सकता। मैच को लेकर बढ़ते विरोध के कारण अब धर्मशाला मैच पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। जल्द ही मैच को लेकर कोई बड़ा फैसला भी आ सकता है।
वर्ल्ड कप के लिए एक मार्च से धर्मशाला पहुंचेंगी टीमें
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में टी 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फीवर एक मार्च से चढ़ना शुरू हो जाएगा। एक मार्च को धर्मशाला में आयरलैंड और हांगकांग की टीमें पहुंच जाएंगी। दो मार्च को जिम्बाब्वे और चार मार्च को बांग्लादेश के खिलाड़ी भी फ्लावर सिटी धर्मशाला पहुंच जाएंगे।
धर्मशाला में तीन से पांच मार्च तक विदेशी टीमें अभ्यास मैच खेलकर खुद को वार्मअप करेंगी। जबकि, धर्मशाला में नौ मार्च से टी 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के महाकुंभ का आगाज होगा। क्रिकेट टीमों का स्वागत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन पारंपरिक अंदाज में करेगी।
एचपीसीए के पदाधिकारी कांगड़ा एयरपोर्ट पर टीमों को स्वागत करेंगे। इसके लिए एचपीसीए ने खास तैयार कर ली है। वहीं, नौ मार्च को बांग्लादेश और नीदरलैंड तथा आयरलैंड और ओमान की टीमों के बीच दो मैचों से वर्ल्ड कप महाकुंभ का शुभारंभ होगा।
ये रहेगा मैचों का शेड्यूल
11 मार्च को नीदरलैंड और ओमान के बीच मैच होगा। बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच इसी दिन दूसरा मैच होगा। 13 मार्च को नीदरलैंड और आयरलैंड तथा बांग्लादेश और ओमान के बीच क्रिकेट मैच होगा।
10 मार्च को आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच हाई वोल्टेज मैच दर्शकों के लिए बेहद अहम रहेगा। जबकि, वर्ल्ड कप का बहुप्रतीक्षित हाई वोल्टेज मैच 19 मार्च को धौलाधार के आंचल तले दुनिया के सबसे खूबसूरत मैदान पर होगा।
एक माह पहले ही पहुंच गई ओमान की टीम
वर्ल्ड कप के लिए पहली बार क्वालीफाई करने वाली ओमान की टीम एक माह पहले ही हिमाचल में पहुंच गई थी। इस दौरान खिलाड़ी जमकर प्रेक्टिस कर रहे हैं। साथ ही खूबसूरत वादियों में घूमने का मजा भी ले रहे हैं। ओमान की टीम ने हिमाचल की सीनियर टीम के साथ अमतर मैदान में तीन अभ्यास मैच खेले थे।