Himachal: उत्तराखंड से 12 माह जुड़ा रहेगा डोडरा क्वार, क्षेत्र को ओबीसी के दर्जे के लिए करेंगे पैरवी
शनिवार को डोडरा क्वार पहुंचने पर सीएम सुक्खू का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सुक्खू ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि डोडरा क्वार का जिला परिषद का वार्ड अलग किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार को शिमला के अति दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार पहुंचे। यहां सीएम ने कहा कि इस क्षेत्र को ओबीसी का दर्जा देने के लिए केंद्र से पैरवी करेंगे। यह देखा जाएगा कि यह संभव है या नहीं। सीएम ने कार्यक्रम के दौरान गोसांगो से हारली सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हारली से आगे सेवा दोगरी सड़क के निर्माण के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात करेंगे। इस सड़क के बनने से साल के 12 महीने डोडरा क्वार क्षेत्र उत्तराखंड से जुड़ा रहेगा।
मुख्यमंत्री ने चैधार मैदान में गसांगो से जिसकुन तक संपर्क सड़क का उद्घाटन किया। डोडरा से चमधार तक सड़क और गांव पुजारली (डोडरा क्वार) से टाल पुल होते हुए उत्तराखंड सीमा तक संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने लाभार्थियों को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि के तहत 29 अक्तूबर से पहले डोडरा क्वार की सभी पात्र महिलाओं को 1500-1500 रुपये भी किश्त वितरित करने की घोषणा की। साथ ही महिलाओं को सम्मान निधि के चेक वितरित किए। भविष्य में यह तीन साल में तीन किश्तों में मिलेंगे। कहा कि हर साल 18 हजार रुपये दिए जाएंगे।
डोडरा क्वार के लिए की ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने क्वार में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने डोडरा क्वार के देवताओं को प्रणाम करते हुए अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के चलते चांशल दर्रा बंद होने पर डोडरा क्वार पूरी तरह से कट जाता है। हारली से सेवा दोगरी सड़क के निर्माण होने से यह क्षेत्र बर्फबारी के दौरान भी मुख्यधारा से जुड़ा रहेगा। सीएम ने डोडरा क्वार को अलग जिला परिषद वार्ड बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि डोडरा क्वार का जिला परिषद वार्ड अलग कर दिया जाएगा, ताकि इस क्षेत्र का विकास हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका डोडरा क्वार का यह तीसरा दौरा है। उन्हें डोडरा क्वार आने पर यह कहा जा रहा था कि शाम को वापस आते हैं, मगर उन्होंने तय किया कि लोगों के बीच रहना है। लोगों के बीच जाकर खाना है। सीएम ने कहा कि यहां महिलाएं सबसे अधिक आई हैं। उन्होंने कहा कि डोडरा क्वार में क्या होना चाहिए, क्या मिलना चाहिए, यह जानने के लिए ही वह यहां आए हैं। मुख्यमंत्री ने डोडरा क्वार उपमंडल के तहत आने वाली पांचों पंचायतों में सड़कें बनाने के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
509 महिलाओं को 18-18 हजार रुपये के दिए चेक
मुख्यमंत्री ने प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 509 महिलाओं को 18-18 हजार रुपये के चेक दिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि महिलाएं इसे अपने खाने में भी खर्च करें। पति की भी सेवा करें। अपनी सेहत का भी ध्यान रखें। उन्होंने इस योजना पर बात करते हुए कहा कि वह इससे पहले दो दिन स्पीति में रह चुके हैं। उन्होंने 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस वहीं मनाया था। सीएम ने कहा कि योजना के अगले चरण में वह चंबा के दुर्गम क्षेत्र पांगी और शिमला के कुपवी समेत अन्य दुर्गम क्षेत्रों में भी जाएंगे।
भाजपा झूठ की मशीन, ऑपरेशन लोटस में हुई फेल
मुख्यमंत्री ने क्वार में विपक्ष पर पलटवार कर कहा कि भाजपा झूठ की सबसे बड़ी मशीन है। ऑपरेशन लोटस में भाजपा फेल हुई तो हताशा में कभी कहा जा रहा है कि पैसा नहीं है और कभी यह कह रहे हैं कि नौकरियां खत्म कर दी गई हैं। भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि हमने चुनौतियों से युद्ध की तरह लड़ाई की है। जयराम सरकार ने 20 हजार नौकरियां दीं, जो कोर्ट में फंस गईं। हमने दो साल में 20 हजार नौकरियां दे दी हैं।