संतोष ट्राफी: चंडीगढ़ ने हिमाचल, यूपी ने दिल्ली को हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सुंदरनगर के एमएलएसएम कॉलेज के मैदान में मंगलवार को 71वीं संतोष ट्राफी (उत्तर क्षेत्र क्वालीफायर मैच) फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहला मैच ग्रुप ए में हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के बीच खेला गया। इसमें चंडीगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को 4-1 से पराजित किया।
हिमाचल की ओर से तेनजिंग ने टीम के लिए मैच के 48वें मिनट में पहला गोल करके बढ़त बनाई। लेकिन यह बढ़त ज्यादा देर तक नहीं रही। मैच के 49वें मिनट में चंडीगढ़ के जतिंद्र कुमार ने पहला गोल करके टीम को बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया।
इसके बाद चंडीगढ़ के गिरिक ने लगातार 56वें और 84वें मिनट में गोल करके टीम को अजेय बढ़त दिलाई। चंडीगढ़ के अमनदीप ने मैच के 89वें मिनट में चौथा गोल करके टीम की सुनिश्चित की। दूसरा मैच उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच मैच खेला गया।
इसमें उत्तर प्रदेश ने दिल्ली को 1-0 से पराजित किया। उत्तर प्रदेश के संयोग यादव ने 26वें मिनट में एकमात्र गोल करके टीम को विजयी बनाया। आयोजन समिति के सचिव डा. सीपी कौशल ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र की आठ टीमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर भाग ले रही हैं।
आज के मैच
28 दिसंबर को ग्रुप बी में पहला मैच पंजाब और उत्तराखंड, दूसरा मैच जम्मू एवं कश्मीर और हरियाणा के बीच खेला जाएगा।
अकादमी बनने से मिलेगा फुटबाल को बढ़ावा : अग्निहोत्री
उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि लंबे अंतराल के उपरांत हिमाचल के मंडी जिला को संतोष ट्राफी के मैच की मेजबानी मिली है। यह प्रदेश और हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ के लिए के लिए गौरव की बात है। ऐसा पहली बार है कि प्रदेश में दो फुटबॉल अकादमी एक साथ स्थापित की जा रही हैं। इनमें से ऊना जिला के खड्ड गांव में अकादमी का कार्य अंतिम चरणों में है।
जबकि दूसरी अकादमी धर्मशाला में स्थापित की जा रही है। अकादमी की स्थापना से प्रदेश में फुटबाल को बढ़ावा मिलेगा। मंगलवार को सुंदरनगर के एमएलएसएम कालेज में मुकेश अग्निहोत्री ने उत्तरी क्षेत्र संतोष ट्राफी (क्वालिफायर योग्यता) प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव (पंचायती राज) सोहन लाल ठाकुर भी उनके साथ थे।
प्रदेश फुटबाल संघ के प्रदेशाध्यक्ष अमित पाल सिंह ने मुख्य अतिथि को सम्मानित भी किया। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर दो करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए एक करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 50 लाख रुपये प्रदान कर रही है। राष्ट्रमंडल तथा एशियाई खेलों में प्रथम, द्वितीय और तीसरा स्थान प्राप्त करने पर क्रमश: 20 लाख, दस लाख तथा छह लाख रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।
व्यक्तिगत स्पर्धा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता को दस लाख रुपये तथा राष्ट्रीय स्तर पर पांच लाख रुपये की राशि प्रदेश सरकार की ओर से प्रदान की जा रही है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया।
खड्ड की खिलाड़ियों को दिए मेडल
साथ ही फुटबाल अकादमी खड्ड जिला ऊना की खिलाड़ियों को गत दिनों कटड़ा में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रदेश फुटबॉल संघ की ओर से मेडल प्रदान किए। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की राशि प्रदेश फुटबाल संघ को प्रदान करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर उप महाधिवक्ता तरुण पाठक, कृषि उपज विपणन समिति के अध्यक्ष हरेंद्र सेन, एमएलएसएम कालेज के चेयरमैन हरी सेन, प्रदेश फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष डा. सीपी कौशल व डा. पीएस गुलेरिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।