हिमाचल के कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहावना
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में मौसम बदल गया है। गुरुवार को हमीरपुर और धर्मशाला में झमाझम बारिश हुई जबकि राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई। प्रदेश में जारी बारिश से अधिकतम तापमान में चार डिग्री की कमी दर्ज की गई है।
पारा गिरने से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को भी बारिश के आसार जताए हैं। 26 जून तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
जिला कांगड़ा में गुरुवार दोपहर बाद बारिश ने मौसम ठंडा कर दिया। धर्मशाला में करीब दो घंटे तक जमकर बारिश हुई। कांगड़ा, शाहपुर और पालमपुर में भी बारिश हुई। जिला हमीरपुर में दोपहर दो बजे से साढ़े तीन बजे तक भारी बारिश हुई। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं।
मक्की की बिजाई के लिए बारिश वरदान
जिला में मौसम सुहावना हो गया। मक्की की बिजाई के लिए बारिश वरदान साबित मानी जा रही है। शिमला में शाम करीब पांच बजे बूंदाबांदी हुई। इसके अलावा कुल्लू, चंबा, सोलन, मंडी, सिरमौर, ऊना सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक सराहन में 40, धर्मशाला में 23, सुजानपुर टिहरा में 22.0, कुफरी में 16, संधोल में 7, राजगढ़ में 3, फागू में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
उधर, गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.4, बिलासपुर में 35.0, सुंदरनगर में 34.3, हमीरपुर में 34.2, भुंतर में 33.5, चंबा में 33.4, कांगड़ा में 33.0, नाहन में 31.6, सोलन में 30.5, शिमला में 25.0, धर्मशाला में 24.4, कल्पा में 23.6, केलांग में 22.2 और डलहौजी में 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।