{"_id":"65c62af10231aae66e00dfe2","slug":"public-works-department-now-tenders-for-development-works-will-be-held-in-himachal-in-20-days-not-51-days-2024-02-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोक निर्माण विभाग: हिमाचल में अब 51 नहीं, 20 दिन में होंगे विकास कार्यों के टेंडर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लोक निर्माण विभाग: हिमाचल में अब 51 नहीं, 20 दिन में होंगे विकास कार्यों के टेंडर
Sat, 10 Feb 2024 10:05 AM IST
Krishan Singh
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Sat, 10 Feb 2024 10:05 AM IST
सार
लोक निर्माण विभाग ने इसे लेकर फील्ड में तैनात इंजीनियरों को आदेश जारी किए हैं। इससे पहले विभाग की ओर से 51 दिन के भीतर टेंडर आवंटित किए जाते थे।
विज्ञापन
सड़क
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में 21 दिन के भीतर विकास कार्यों के टेंडर होंगे। ठेकेदार को कार्य आवंटित होने के 30 दिन के भीतर कार्य भी शुरू करना होगा। लोक निर्माण विभाग ने इसे लेकर फील्ड में तैनात इंजीनियरों को आदेश जारी किए हैं। इससे पहले विभाग की ओर से 51 दिन के भीतर टेंडर आवंटित किए जाते थे। हिमाचल में विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। इसमें सड़कें, पुल, भवनों का निर्माण, डंगे और नालियां आदि शामिल हैं। विकास कार्यों के लिए ऑनलाइन निविदा किए जाने का समय भी दस दिन का होगा। निविदाएं प्राप्त होने के दस दिन के भीतर अधिशासी अभियंता अवार्ड लेटर जारी करेंगे। यानी ऑनलाइन प्रकाशन के 20 दिन के भीतर अवार्ड लेटर जारी हो जाएगा।
विज्ञापन
यदि मामला दो करोड़ रुपये से ऊपर अधीक्षण अभियंता के स्तर का हो तो दस दिन निविदा प्राप्त करने, सात दिन अधिशासी अभियंता के स्तर पर और दस दिन अधीक्षण अभियंता के स्तर पर प्रक्रिया के लिए निर्धारित किए गए हैं। निर्धारित समयसीमा में कार्य का आवंटन किया जाना अनिवार्य है। यदि किसी स्तर पर निर्धारित समयावधि का पालन नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। इसमेें फील्ड अधिकारियों की परफार्मेंस (प्रदर्शन) देखी जाएगी और उसके अनुरूप उनकी एसीआर ग्रेडिंग में भी प्रविष्टि की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने बताया कि 20 दिन के भीतर ठेकेदारों को विकास कार्यों के अवार्ड लेटर जारी होंगे। विकास कार्यों में देरी न हो, इसलिए यह फैसला लिया गया है।
विज्ञापन