डॉक्टर बोली- नहा कर आओ तुमसे बदबू आ रही है, लोगों ने जमकर किया हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत पाडवीं के चौंतरा गांव के लोगों ने आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में तैनात महिला चिकित्सक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए डिस्पेंसरी का घेराव कर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चिकित्सक पर मरीजों के साथ दुर्व्यवहार करने और मनमर्जी करने के आरोप लगाए हैं। इससे पूर्व डिस्पेंसरी की सफाई कर्मचारी और स्थानीय निवासी सीमा देवी और चिकित्सक के बीच बहस हुई थी।
जिसके बाद सीमा देवी बेहोश होकर गिर पड़ी और उसे हमीरपुर अस्पताल रेफर किया गया। सीमा देवी का आरोप है कि चिकित्सक उसे ड्यूटी समय में अपने आवास की सफाई करने के लिए कहतीं हैं और जब उसने चिकित्सक के आवास की सफाई करने से मना किया तो चिकित्सक ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वहीं, एक ग्रामीण महिला कंचन शर्मा ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी बेटी को जुकाम की दवाई लेने अस्पताल गई तो उक्त चिकित्सक ने कहा कि उसे इससे घिन आ रही है।
एक अन्य ग्रामीण प्रकाश चंद का कहना है कि जब वह चिकित्सक के पास दवाई लेने गया तो उसे कहा गया कि नहा कर आओ तुमसे बदबू आ रही है। तुलसी देवी ने कहा कि वह बुखार की दवाई लाने गई तो चिकित्सक ने उसे हमीरपुर से दवाई लाने के लिए कहा।
ग्रामीणों में ज्ञान चंद, प्रकाश चंद, अमर नाथ, रमेश चंद, विशन दास, तुलसी राम, बलदेव शर्मा, चेतराम, सोमनाथ, सुनीता, रत्नी देवी, मीरा देवी, राजकुमारी, सिमरो, सीमा, विमला, बबली, कमला, तुलसी देवी आदि ने कहा कि उक्त चिकित्सक का व्यवहार और मरीजों से बात करने का तरीका उचित नहीं है।
अगर चिकित्सक के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वह लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इस संदर्भ में संबंधित डॉक्टर मीनाक्षी शर्मा का कहना है कि उसने अपने घर पर मेड रखी हुई है। डिस्पेंसरी की सफाई कर्मचारी से कभी भी घर का काम नहीं करवाया और न ही मरीजों से दुर्व्यवहार किया है।
उधर, बीएमओ आयुर्वेदिक बड़सर डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि वह स्वयं मामले की छानबीन के लिए मौके पर गए। छुट्टी न देने के कारण चिकित्सक और सफाई कर्मचारी का झगड़ा हुआ है और ग्रामीणों के भी चिकित्सक के खिलाफ कुछ आरोप हैं। मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।