{"_id":"6196553fef825f501826a060","slug":"presiding-officers-82nd-conference-in-shimla-lok-sabha-adhyaksh-om-birla-said-all-vidhan-sabha-and-vidhan-parishad-will-be-paperless-by-2022","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला: सभी विधानसभाओं, विधान परिषदों को 2022 तक करेंगे पेपरलेस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला: सभी विधानसभाओं, विधान परिषदों को 2022 तक करेंगे पेपरलेस
Thu, 18 Nov 2021 07:02 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Thu, 18 Nov 2021 07:02 PM IST
सार
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानमंडलों के लिए नई मॉडल नियमावली बनेगी, जिसमें एकरूपता लाई जाएगी। आदर्श नियम बनाने और इनमें एकरूपता लाने के लिए भी एक कमेटी बनेगी, जो सभी विधानमंडलों से सुझाव भी लेगी। अभी तक अलग-अलग विधानमंडलों के अलग-अलग नियम हैं।
विज्ञापन
प्रेस वार्ता करते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि सभी विधानसभाओं और विधान परिषदों को 2022 तक पेपरलेस करने का लक्ष्य रखा गया है। अगले साल तक इन्हें ई-विधान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि संसद की तर्ज पर सभी विधानसभाओं में शून्यकाल होगा। श्रेष्ठ कार्य करने वाले विधानमंडल पुरस्कृत किए जाएंगे। पुरस्कार तय करने के लिए एक कमेटी बनेगी। ओम बिरला हिमाचल प्रदेश विधानसभा के कौंसिल चैंबर भवन में पीठासीन अधिकारियों के 82वें सम्मेलन के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानमंडलों के लिए नई मॉडल नियमावली बनेगी, जिसमें एकरूपता लाई जाएगी। आदर्श नियम बनाने और इनमें एकरूपता लाने के लिए भी एक कमेटी बनेगी, जो सभी विधानमंडलों से सुझाव भी लेगी। अभी तक अलग-अलग विधानमंडलों के अलग-अलग नियम हैं। उन्होंने विभिन्न विधानसभा अध्यक्षों से आए सुझाव भी सामने रखे। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभाओं की कार्यवाही आम जनता को ऑनलाइन भी दिखाई जाएगी।
विज्ञापन
इसके बाद उन्होंने राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में प्रेस वार्ता कर सारी बातें स्पष्ट कीं। गुरुवार को संपन्न हुए देश भर के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में विभिन्न विधानमंडलों के अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। इनमें 24 राज्यों की विधानसभाओं के स्पीकर, 23 के सचिव और पांच राज्यों के विधानसभा उपाध्यक्ष पहुंचे। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सभी विधानमंडलों की कार्यवाहियों को एक सार्वजनिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। इससे इन्हें आमजन एक ही मंच पर देख सकेंगे। बिरला ने कहा कि राष्ट्रपति और राज्यपाल के अभिभाषण के समय व्यवधान नहीं होगा और इसके बारे में सभी दलों से बात की जाएगी।
विज्ञापन
धर्मशाला में ई-अकेडमी बनाने पर फैसला संसद में
धर्मशाला में ई-अकेडमी बनाने का फैसला संसद में होगा। यह बात ओम बिरला ने शिमला में पत्रकारों के सवालों के जवाब में दी। बिरला ने कहा कि इस संबंध में फैसला संसद ही ले सकती है। ई-अकादमी बनाई जानी प्रस्तावित है। हिमाचल प्रदेश से आए प्रस्ताव को संसद में रखा जाएगा। यह मालूम रहे कि ई-अकेडमी बनाने की यह मांग सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने रखी है।
पीठासीन अधिकारियों का सम्मेलन संपन्न, बिरला दिल्ली लौटे
शिमला में देश के पीठासीन अधिकारियों का 82वां सम्मेलन गुरुवार को संपन्न हो गया। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष नई दिल्ली लौट गए। शुक्रवार को सभी विधानसभाओं के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और सचिव शिमला के आसपास के पर्यटन स्थलों में घूमने के बाद अपने-अपने राज्यों को लौट जाएंगे।