तीन दिन तक चलेगी प्रचंड शीतलहर, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में लोगों को लगातार तीन दिन तक शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा को छोड़कर प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्रों में आगामी तीन दिन कड़ाके की ठंड में लोगों को ठिठुरना पड़ेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 11 से 13 जनवरी तक शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति में प्रचंड शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है।
16 तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। राजधानी शिमला में बुधवार को हल्के बादलों के बीच दिन भर धूप खिली रही। मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कई क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे
बुधवार को शिमला में अधिकतम तापमान 16.8, ऊना में 24.4, नाहन में 19.8, सोलन में 22.0, कांगड़ा में 23.0, बिलासपुर में 19.1, हमीरपुर में 20.5, चंबा में 19.7, डलहौजी में 13.1, सुंदरनगर में 20.6, भुंतर में 19.0 और कल्पा में 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उधर, केलांग, कल्पा, मनाली, सुंदरनगर और भुंतर का न्यूनतम पारा माइनस में ही चल रहा है।
मंगलवार को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 9.3, मनाली में माइनस 3.4, कल्पा में माइनस 2.4, भुंतर में माइनस 1.5, सुंदरनगर में माइनस 0.3, सोलन में 1.0, ऊना में 3.0, नाहन में 5.2, पालमपुर में 4.0, बिलासपुर में 2.5, मंडी में 2.6, शिमला में 7.8 और धर्मशाला में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।