उज्ज्वला योजना में मिलेगा फ्री गैस कनेक्शन, ऐसे करें आवेदन
हिमाचल में गरीब परिवारों के राशनकार्ड की वेरिफिकेशन होगी। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब लोगों को निशुल्क गैस कनेक्शन को लेकर देने के लिए सरकार यह पहल शुरू करने जा रही है। हिमाचल में साढ़े पांच लाख परिवार गरीब हैं। इनमें अधिकांश लोगों ने गैस कनेक्शन ले रखे हैं।
अनुमान लगाया जा रहा है कि हिमाचल में बिना गैस कनेक्शन वाले परिवारों की संख्या 70 हजार के आसपास हो सकती है। उज्ज्वला योजना के तहत केंद्र सरकार अगले 3 साल में 5 करोड़ बीपीएल परिवारों को मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध करवाने जा रही है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2016-17 में 1.5 करोड़ बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उज्ज्वला योजना का मुख्य उद्देश्य पूरे भारत में स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है। यह मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन वितरित करके पूरा किया जा सकता है। खाद्य आपूर्ति विभाग के निदेशक एम सुधा ने कहा कि सरकार मुफ्त गैस कनेक्शन देने के लिए गरीब राशनकार्ड की वेरिफिकेशन करेगी।
ऐसे करना होगा आवेदन
- 2 पन्ने के आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी जैसे नाम, पता, आधार कार्ड नंबर, जन धन बैंक खाता संख्या इत्यादि भरना आवश्यक है।
- आवेदन पत्र के आवेदकों को अपनी इच्छानुसार 14.2 किलो या फिर 5 किलो वाला गैस सिलेंडर चाहिए, कॉलम भरना होगा।
- लोग ऑनलाइन भी इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। लोगों को गैस कनेक्शन नजदीकी एलपीजी वितरण केंद्र में मुफ्त मिलेगा।
योजना के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची
- पंचायत अधिकारी या नगर पालिका अध्यक्ष से अधिकृत बीपीएल का प्रमाणपत्र
- बीपीएल राशनकार्ड
- एक फोटो जिसमें आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र हो सकता है
- एक पासपोर्ट साइज फोटो
- टेलीफोन, बिजली या पानी का बिल
- आवास पंजीकरण दस्तावेज
- आवेदक की उम्र 18 साल या इससे अधिक होनी चाहिए
- आवेदक महिला ही होनी चाहिए, पुरुष इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं