मुंबई-चेन्नई में चल रहा किन्नौरी मटर का जादू, इतने रुपये प्रति किलो हुए दाम
हिमाचल के किन्नौरी मटर की मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों में जबरदस्त मांग है। थ्री और फाइव स्टार होटलों में दक्षिण भारत के कई बड़े शहरों से किन्नौरी मटर की खूब डिमांड आ रही है। किसानों को भी इसके अच्छे दाम मिल रहे हैं। ढली सब्जी मंडी में किन्नौरी मटर के दाम सौ रुपये प्रति किलो से ज्यादा पहुंच गए हैं। प्रदेश में आजकल किन्नौर जिले से ही मटर की सप्लाई शिमला पहुंच रही है।
स्वादिष्ट और भरपूर दानेदार किन्नौरी मटर शिमला की ढली मंडी पहुंचते ही इन शहरों के लिए सप्लाई हो रहा है। पिछले हफ्ते तक मटर के दाम 70 से 80 रुपये किलो थे, जो अब बढ़कर सौ रुपये के पार हो गए हैं। ढली सब्जी मंडी में अभी दो आढ़तियों के पास ही मटर की सप्लाई पहुंच रही है। व्यापारियों का कहना है कि किन्नौरी मटर के दाम काफी ज्यादा रहते हैं।
ऐसे में लोकल दुकानदार इसे नहीं बेचते। बाजारों में अभी जो मटर है, वह ज्यादातर दूसरे राज्यों से आ रहा है। वहीं, किन्नौर से पहुंचने वाला सारा मटर मुंबई के लिए भेजा जा रहा है।
क्वालिटी अच्छी, लागत भी है ज्यादा
ढली सब्जी मंडी में एमजी आढ़त चलाने वाले चेतन ठाकुर ने बताया कि किन्नौरी मटर की क्वालिटी दूसरे जिलों की मटर से बेहतर रहती है। इसलिए इसके रेट ज्यादा रहते हैं।
किन्नौर से शिमला ढली मंडी तक सप्लाई पहुंचाने का भाड़ा काफी ज्यादा है। ऐसे में इसे महंगे दामों पर बेचना पड़ता है। शिमला जैसे शहर में इस मटर की डिमांड कम है, जबकि मुंबई में अच्छे रेट मिल रहे हैं।