गजब का हुनर, सिसकियों की आवाज के साथ आंसू बहाती है मुकेश की पेंटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चित्रकारी में लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एवरेस्ट वर्ल्ड रिकॉर्ड सहित कुल दस राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके धर्मशाला के मुकेश थापा ने अब ऐसी पेंटिंग बनाई है, जिसमें बच्चे की सिसकियों की आवाज के साथ उसकी आंख से आंसू भी निकलते हैं। इस अनोखी पेंटिंग की बदौलत एक बार फिर मुकेश थापा चर्चा में आ गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के श्यामनगर के रहने वाले मुकेश ने पेंटिंग का कॉपी राइट लेने के लिए बाकायदा आवेदन भी किया है, जबकि निकट भविष्य में इस पेंटिंग को देश-दुनिया की आर्ट गैलरी में देखा जा सकता है। मुकेश का दावा है कि पूरे विश्व में इस तरह की यह पहली पेंटिंग है। ऑयल कलर से बनाई इस पेंटिंग में एक बच्चा रोता हुआ दिखाई दे रहा है।
इसमें इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस फिट करके न केवल बच्चे की आंख से आंसू निकलते हैं, बल्कि उसकी सिसकियां भी सामने खड़े व्यक्ति को दिखाई देती हैं। मुकेश थापा कहते हैं कि यह उनका 28 साल की मेहनत का फल है, जो उन्होंने कलाकारी के क्षेत्र में जगह-जगह घूमकर की है। हालांकि, इस पेंटिंग को बनाने में करीब तीन से चार माह लगे हैं, लेकिन इस कंसेप्ट को तैयार करने में खासा समय लगा।
यह रिकॉर्ड मुकेश के नाम
मुकेश थापा ने दाढ़ी के एक बाल के साथ पेंटिंग बनाकर साल 2012 में लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया था। 2013 में वर्ल्ड रिकॉर्ड एसोसिएशन चीन 2013, एवरेस्ट वर्ल्ड रिकॉर्ड नेपाल, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया, यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्डस, रिकॉर्ड होल्डर रिपब्लिक, असिस्ट वर्ल्ड रिकॉर्ड और क्रीएटिव वर्ल्ड रिकॉर्ड नेपाल भी अपने नाम किया है।
बिना कोई प्रशिक्षण चित्रकारी में पारंगत हुए मुकेश
थापा ने चित्रकारी के लिए कोई विशेष प्रशिक्षण नहीं लिया है। बचपन से ही चित्रकारी के शौक ने मुकेश को अंतरराष्ट्रीय चित्रकार बनाया है। मुकेश को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने दो दर्जन से अधिक अवॉर्ड अपने नाम किए हैं, जबकि एक दर्जन के करीब देशों में आयोजित प्रदर्शनियों में अपनी पेंटिंग प्रदर्शित कर चुके हैं।