पुलिस की इस लापरवाही से दरिंदगी का शिकार हुई एक और 'गुड़िया'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला में एक और 'गुड़िया' पुलिस की घोर लापरवाही की वजह से दरिंदगी का शिकार हो गई। इस गुड़िया को पहले ही अपने साथ कुछ गलत होने का अंदेशा हो गया था। हैवानों से बचने के लिए इस गुड़िया ने लक्कड़ बाजार चौकी में बैठी स्मार्ट पुलिस से मदद की भी गुहार लगाई।
लेकिन यहां बैठे कानून की रक्षा करने वाले महानुभावों ने उसकी मनोस्थिति को समझने की कोशिश नहीं की। यह कहकर टाल दिया कि छेड़खानी का जो मामला जिस इलाके में होता है उसी थाने में शिकायत की जाती है।
चौकी में मौजूद किसी भी पुलिस वाले को गुड़िया की बेबसी और उसके चेहरे पर छाया खौफ नजर नहीं आया। इतना ही नहीं उन्होंने जरा भी नहीं सोचा कि रात हो गई है गुड़िया के साथ किसी महिला कांस्टेबल को साथ भेज दें या फिर गाड़ी में ही छोड़ छाएं।
जो डर उसे सता रहा था वही हुआ
पुलिस चौकी से निकलने के बाद डरी सहमी गुड़िया तेज कदमों से घर की तरफ जा रही थीं। लेकिन जो डर उसे सता रहा था वही हुआ। रास्ते में दरिंदों ने उसका अपहरण किया और दुराचार किया।
अति सुरक्षित शहर होने का ढिंढोरा पीटने वाली स्मार्ट पुलिस की घोर लापरवाही की वजह से ताउम्र अब गुड़िया को यह वेदनाएं झेलनी पड़ेंगी। गुड़िया के साथ दरिंदगी करने वाले का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। लक्कड़ बाजार चौकी के उन पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने से प्रशासन के हाथ कांप रहे हैं। इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन ने मीडिया से पूरी तरह से दूरी बना ली है।
कुछ भी बताने से बचते रहे। पुलिस के अनुसार मेडिकल में छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने अब इस मामले में जांच तेज कर दी है।
क्या कहती है पुलिस
मासूम के साथ हुए दुराचार मामले में पुलिस की कहानी कुछ और ही कह रही है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि वारदात से पहले युवती लक्कड़ बाजार चौकी आई थी लेकिन उसने वहां छेड़खानी की शिकायत नहीं की अगर शिकायत करती तो कार्रवाई पुलिस जरूर करती।
लड़की ने चौकी में आकर पूछा कि जब किसी के साथ छेड़खानी होती है तो वह पुलिस में कहां शिकायत करें। इस पर पुलिस ने कहा कि आप गुड़िया हेल्प लाइन में शिकायत कर सकती हैं। पुलिस के मुताबिक उसने गुड़िया हेल्प लाइन का नंबर लिया और वहां से चली गई।
अब पुलिस का दावा है कि उसके बाद उसके साथ दुराचार हुआ और उसने अपने मोबाइल से गुड़िया हेल्प लाइन में कॉल किया। पुलिस उसे ढूंढती रही वह नहीं मिली। इस दौरान उस लड़की ने अपने दोस्तों के मोबाइल पर कॉल कर अपने साथ हुई घटना का जिक्र किया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस उसे खोजने में कामयाब हुई। पुलिस का दावा है कि लड़की का मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। वह कह रही है कि मोबाइल कहीं पहाड़ी से गिर गया है। पुलिस इस मामले को हर पहलू पर जांच करने की बात कह रही है।
जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठाने की बात कह रही है हालांकि पुलिस मान रही है कि युवती के साथ दुराचार हुआ है। इसके पीछे कौन लोग है इस बारे में अभी साफ तौर पर पुलिस कुछ भी बताने में खुद को असमर्थ बता रही है। अब देखना है कि पुलिस की जांच आने वाले दिनों में किस करवट बैठती है।