हादसे के बाद दो दिन खाई में पड़ी रही कार, एक भाई की मौत, दूसरा घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना देहरा के तहत दर्दनाक सड़क हादसे में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर तौर पर घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 16 मई को तहसील बैजनाथ के गांव सगूर निवासी प्रदीप कुमार (45) और रणजीत सिंह पुत्र भूमि सिंह (50) किसी कार्य से कार में लुधियाना गए थे। गुरुवार को वह देर रात कार से घर लौट रहे थे।
माना जा रहा है कि देर रात देहरा के गांव मानगढ़ में नींद आने से कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में लुढ़क गई। हादसे में दोनों भाई गंभीर तौर पर घायल हो गए और बेहोशी की हालत में कार में ही पड़े रहे।
परिवारवालों ने दोनों भाइयों को फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आने पर परिजनों को किसी अनहोनी होने का अंदेशा हुआ।
शुक्रवार को परिवार वालों ने बैजनाथ पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट करवाई। पुलिस ने दोनों भाइयों के मोबाइल लोकेशन जानकारी जुटाई, जो देहरा के मानगढ़ के आसपास मिली। इसके बाद बैजनाथ पुलिस ने देहरा पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने ऐसे लगाया कार का पता
देहरा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देहरा के हनुमान चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखने पर पाया कि संबंधित कार रात को वहां से गुजरी थी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मानगढ़ में सर्च किया।
सर्च के दौरान पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को ढूंढ लिया और घायल दोनों भाइयों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने प्रदीप कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे भाई रणजीत सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा अस्पताल रेफर कर दिया।
डीएसपी देहरा लालमन शर्मा और एसएचओ प्यार सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार को मानगढ़ में सड़क से करीब 50 मीटर नीचे दुर्घटनाग्रस्त आल्टो 800 कार मिली है। हादसे में एक की मौत हो गई है और दूसरा व्यक्ति गंभीर घायल है।
उन्होंने बताया कि बैजनाथ पुलिस सेे सूूचना मिलने के बाद देहरा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से दो दिन पहले 16 मई को देहरा के हनुमान चौक से रात को कांगड़ा की तरफ जाते हुई कार देखी। उसके बाद कार मानगढ़ में दुर्घटनाग्रस्त मिली। कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।