अटल के निधन पर यहां लोगों ने भूखे-प्यासे रहकर दिन भर किया गायत्री मंत्र का जाप
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से मनालीवासी शोक में डूबे हुए हैं। शुक्रवार को मनाली के मॉल रोड पर शोक सभा में भूखे-प्यासे रहकर लोगों ने गायत्री मंत्र का जाप किया और पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी।
दिनभर अटल के चित्र के सामने बैठकर लोग उनकी आत्मा की शांति के लिए जाप करते रहे। मनाली की कमला शर्मा और राज गुलाटी ने बताया कि अटल की निधन की खबर पर उन्हें यकीन नहीं हो रहा है।
इलाके के दुख-सुख में साथ देने वाले के मनाली में एक बार अंतिम दर्शन न होने का सभी को मलाल है।
उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे उनकी रक्षा करने वाले मुखिया का साया हट गया हो। अटल के स्नेह की बदौलत ही हिमाचल ने विकास की सीढ़ियां चढ़ी हैं।
अब उनका ऐसे चले जाना किसी को रास नहीं आ रहा है। व्यापार मंडल के प्रधान अमर सिंह ने कहा कि व्यापार मंडल ने शोक सभा में अटल को श्रद्धांजलि दी। उपप्रधान अजय अबरोल ने कहा कि अटल का ऐसे चले जाना मनालीवासियों के लिए निजी रूप से क्षति है।
मनाली नप पार्षद एवं पूर्व उपाध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि अटल के निधन ने सभी को झकझोर दिया है। उनके निधन से देश समेत उझी घाटी को बड़ा झटका लगा है। उनके बेहद साधारण व्यक्तित्व के कारण ही उनसे आम लोग एकदम जुड़ जाते थे और उनसे लगाव हो जाता था।