पर्यटन उद्योग के लिए संजीवनी बनेगी जीएसटी दरों में कटौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने दावा किया है कि जीएसटी दरों में कटौती से पर्यटन उद्योग रफ्तार पकड़ेगा। मंदी के बीच कारपोरेट टैक्स और जीएसटी दरों में कटौती पर्यटन कारोबार के लिए संजीवनी साबित होगी। शनिवार को शिमला में प्रेस वार्ता के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद ने कहा कि कारपोरेट टैक्स में कटौती से पूरे देश के लोग लाभान्वित होंगे, अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और जीडीपी में भी बढ़ोतरी होगी।
एसोसिएशन ने होटलों के कमरों पर जीएसटी की दरों में कटौती के फैसले का भी स्वागत किया है। संजय सूद का कहना है कि विंटर टूरिस्ट सीजन के दौरान इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। संजय सूद का कहना है कि 1000 तक के कमरे पर जीएसटी की दर शून्य है। 1001 से 7500 रुपये तक के कमरों पर जीएसटी की दर 18 से घटाकर 12 फीसदी कर दी गई है। 7501 और इससे अधिक कीमत के कमरों पर जीएसटी की दर 28 से घटा कर 18 फीसदी कर दी गई है।
सरकार के इन फैसलों से होटल कारोबारियों के अलावा पर्यटन कारोबार से जुड़े टूर एंड टैक्सी ऑपरेटरों, गाइडों, ट्रांसपोर्टरों और कारोबारियों सहित अन्य सभी वर्गों के लोगों को फायदा होगा। जीएसटी दरों में कटौती के बाद होटलों के कमरों के रेट कम होंगे, जिससे लोग घूमने-फिरने को तवज्जो देंगे। संजय सूद ने बताया कि गोवा में आयोजित जीएसटी काउंसलिंग की बैठक में प्रभावी तरीके से उठाने पर यह संभव हो पाया है।
शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने कारपोरेट टैक्स और जीएसटी दरों में कटौती के फैसले के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर और प्रधान सचिव संजय कुंडू का आभार जताया है। इस दौरान एसोसिएशन के सदस्य सुरेंद्र ठाकुर, प्रिंस कुकरेजा, संजय ठाकुर और मुकेश मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।
इनवेस्टर मीट में बढ़-चढ़कर करेंगे सहयोग
शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसियेशन ने प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित की जा रही इनवेस्टर मीट में सहयोग करने का भी ऐलान किया है। एसोसियेशन के अध्यक्ष संजय सूद का कहना है कि प्रदेश में टूरिज्म इंडस्ट्री के विस्तार से विश्व मानचित्र पर हिमाचल की अलग पहचान बनेगी।