इलाज में कोताही से नवजात की मौत, सीएम ने तलब किए सीएमओ
जिला अस्पताल में स्टाफ की लापरवाही से नवजात की मौत होने का आरोप लगा है। मामला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तक पहुंचा तो उन्होंने सीएमओ को तलब कर जांच के आदेश दिए हैं।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने जांच का जिम्मा एडीएम को सौंपा है। यह मामला जिला भाजपा प्रवक्ता सोनल शर्मा के घर से जुड़ा है। सोनल ने सीएम से शिकायत में कहा है कि बुधवार सुबह उनके भाई की पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई।
उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां बेटा पैदा हुआ। अस्पताल ने जच्चा-बच्चा की देखभाल में लापरवाही बरती जिससे नवजात की मौत हो गई।
अस्पताल में बिजली नहीं
कहा है कि दो दिन से अस्पताल में बिजली नहीं है। नवजात के शरीर में ऑक्सीजन के साथ पानी चला गया। बच्चे की हालत बिगड़ी तो अस्पताल प्रशासन ने उसे कहीं और ले जाने की बात कह दी।
मजबूरी में नवजात को निजी अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन वहां उसकी जान चली गई। सीएमओ बिलासपुर वीके चौधरी ने कहा कि एमएस को जांच सौंपी है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है। इस संबंध में सीएमओ बिलासपुर को तलब कर मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। मामले में लापरवाही बरतने वाले किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।