छुट्टी पर आए नेवी और सीआईएसएफ जवानों की मौत
पुलिस थाना भोरंज के तहत घुमारवीं गांव में घर पर छुट्टी आए नेवी के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। वहीं मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। विवेक कुमार पुत्र सुरेश कुमार वर्ष 2015 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुआ था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।
पिता के पास रोजगार का साधन नहीं है और घर पर ही रहते हैं जबकि छोटा भाई कॉलेज में पढ़ता है। विवेक 18 मार्च को ही विशाखापट्टनम से घर छुट्टी आया था। रात को वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गया। सुबह जब परिजनों ने चाय देने के लिए दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई और दरवाजा भी बंद था।
जब काफी देर तक कमरे से कोई जवाब नहीं आया तो शक होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो विवेक बिस्तर पर मृत पड़ा था। इस बात की सूचना पुलिस थाना भोरंज में दी गई। भोरंज पुलिस ने मामला दर्जकर शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। विवेक के माता-पिता घर पर ही रहते हैं।
वहीं छोटा भाई भोरंज महाविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। विवेक का परिवार गरीब है और वह अपने परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य था। विवेक की मौत से इलाके में मातम पसर गया है। इस संबंध में डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा लिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।
इधर पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते सेर बलौणी पंचायत के सेर गांव निवासी सीआईएसएफ में तैनात एएसआई को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। वह एक सप्ताह पूर्व ही छुट्टी पर घर आया था और घर पर ही दिल का दौरा पड़ने से उसकी जान चली गई। सेर गांव निवासी रमेश चंद (57) पुत्र निक्का राम अपने कमरे में लेटा हुआ था।
इतने में रमेश के बड़े भाई की बहू उसे चाय देने के लिए कमरे में गई लेकिन देखा की वह अचेत अवस्था में पड़ा है। उसने इस बात की सूचना अन्य परिजनों को दी। परिजन उसे साथ लगते एक निजी क्लीनिक में ले आए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। रमेश के दो बेटे हैं।
इनमें से एक पढ़ाई करता है जबकि दूसरा घर में ही रहता है। वह दो वर्षों बाद सेवानिवृत्त होने वाला था। सीआईएसएफ यूनिट नंगल से आए जवानों ने रमेश को गार्ड ऑफ ऑनर देकर विदाई दी। एसएचओ सदर संजीव गौतम का कहना है कि रमेश चंद की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।