इस मामले पर विधायक राकेश पठानिया ने अपनी ही सरकार को घेरा
भाजपा विधायक राकेश पठानिया ने विधानसभा सदन में अपनी ही सरकार को घेरा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में अव्यवस्थाओं पर नूरपुर से भाजपा विधायक राकेश पठानिया ने अपनी ही सरकार को घेरते हुए तल्खी दिखाई।
नियम 62 के तहत मामला उठाते हुए विधायक ने कहा कि टांडा में हालात बेहद खराब हैं। अफसरशाही के सरकारी जवाब की जगह मंत्री को खुद मामले पर नजर रखनी चाहिए। कहा कि वस्तुस्थिति सरकारी जवाब से अलग है।
टांडा में करोड़ों की मशीनरी है, लेकिन उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। टांडा में कैंसर टेस्ट की मशीनें हैं। ओपन हार्ट सर्जरी भी हो सकती है। किडनी ट्रांसप्लांट कर सकते हैं, लेकिन स्टाफ की कमी से ये सुविधाएं मरीजों को मिल नहीं पा रही हैं।
जल्द दूर करेंगे समस्याएं : परमार
कहा कि सांप के डसने के बहुत मरीज आते हैं, लेकिन फिर भी सुविधाएं नहीं हैं।कई विभागों में पद खाली हैं। यहां से डॉक्टर नए मेडिकल कॉलेजों में ट्रांसफर किए जा रहे हैं। वेंटिलेटरों की हालत खस्ता है। एक्स-रे के लिए दो से तीन दिन लग रहे हैं।
एमआरआई में दस दिन से ज्यादा लग रहे हैं। यह कोई छोटी बात नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज टांडा में कमियाें को दूर किया जाएगा। रिक्त पद भरने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री से समस्याओं को सुलझाने को कहा जाएगा।
टांडा से कुछ समय के लिए डॉक्टरों को अन्य मेडिकल कॉलेजों में भेजा है। टांडा में ट्रॉमा सेंटर का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। नेफ्रोलॉजी अभी आईजीएमसी में ही ठीक से नहीं चल रही है। हाईकोर्ट के आदेश पर टांडा के डॉक्टर को आईजीएमसी भेजा है।
हर जगह रहती है सुधार की गुंजाइश : जयराम
कई विभागों में सुपर स्पेशिएलिटी शुरू की है। न्यूरोलाजी, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलाजी और सीटीवीएस में सुपर स्पेशियलिटी शुरू हो रही है। कहा कि टांडा में 2200 की रोजाना ओपीडी है। 35 से 40 डिलीवरी होती है।
50 से 60 इमरजेंसी आती है। मरीजों को उचित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सुधार की गुंजाइश हर जगह रहती है। सुधार को लेकर जो सुझाव दिए गए हैं, उन पर अमल किया जाएगा।
टांडा में जो कमियां हैं, वह आज की नहीं हैं। कमियां दूर करने को कहा गया है। कैंसर की मशीनरी लगाई गई है। जल्द स्टाफ भी तैनात होगा। सरकार पूरी क्षमता से टांडा में सुधार करेगी। उन्होंने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अफसरों को निर्देश भी दिए।