फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   MC Shimla Budget 2021: 222.41 crore budget presented, mono rail in city, know big announcements

MC Shimla Budget 2021: 222.41 करोड़ का बजट पेश, जानें बड़ीं घोषणाएं

Thu, 25 Feb 2021 07:23 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Thu, 25 Feb 2021 07:23 PM IST
विज्ञापन
MC Shimla Budget 2021: 222.41 crore budget presented, mono rail in city, know big announcements
नगर निगम शिमला का बजट - फोटो : अमर उजाला

हिमाचल प्रदेश के शिमला नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल ने गुरुवार को 222.41 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह तीन साल का सबसे छोटा बजट रहा। साल 2019 में 297 करोड़ जबकि बीते साल 2020 में 225 करोड़ का बजट पेश किया था। हालांकि एमसी इसे सरप्लस बजट बता रहा है। इस बार आय को व्यय से 24.46 लाख ज्यादा दिखाया है।  मेयर ने कहा कि अम्रुत से इस बार कम पैसा मिलने के कारण पिछले साल से थोड़ा छोटा बजट पेश किया गया है। मेयर सत्या कौंडल ने वीरवार सुबह 11:08 मिनट से बजट पढ़ना शुरू किया। यह भाषण 12:15 मिनट तक चला। बीच में कई जगह आंकड़ों में मेयर उलझी भी। लेकिन बिना रुके उन्होंने पूरा बजट पढ़ा। 

विज्ञापन


कहां किस पर खर्च होगा कितना पैसा
सड़कों, रेलिंग, रास्तों, सीढ़ियों के निर्माण और रखरखाव पर 21.10 करोड़ खर्च होंगे, स्ट्रीट लाइटों पर 80 लाख, भवनों, आवासों के निर्माण और रखरखाव पर 4.2 करोड़ खर्चेेंगे, पार्किंगों के रखरखाव पर 1.30 करोड़, नालों के चैनलाइजेशन पर 1.35 करोड़ खर्च होंगे, शौचालयों के रखरखाव पर 1.20 करोड़, एक करोड़ से बनेंगे खेल मैदान और पार्क सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर दस करोड़, अम्रुत के निर्माण कार्यों पर खर्च होंगे 53 करोड़, राजीव आवास योजना के तहत आवास निर्माण पर खर्च होंगे 6.42 करोड़, शहर में अगले एक साल में कुल 112 करोड़ रुपये से होंगे नए काम होंगे। 
विज्ञापन


आनलाइन होंगी आठ और सेवाएं
नगर निगम की आठ सेवाएं ऑनलाइन की जाएंगी। पेड़ काटने, कुत्तों का पंजीकरण, अनसेफ भवन, पेंशन, लैंड एंड इस्टेट मैनेजमेंट, लीगल डिपार्टमेंट, ई ऑफिस, पर्सनल स्टाफ से जुड़ी सेवाएं आनलाइन होंगी। हालांकि, इन पर पिछले साल से काम चल रहा है। मेयर ने अप्रैल से इन्हें शुरू करने की घोषणा की।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

शहरवासियों को फिर दिखाया मोनो रेल का सपना, लैब खुलेगी

MC Shimla Budget 2021: 222.41 crore budget presented, mono rail in city, know big announcements

भाजपा शासित नगर निगम ने शहरवासियों को एक बार फिर राजधानी में मोनो रेल चलाने का सपना दिखाया है। मेयर सत्या कौंडल ने गुरुवार को पेश किए नगर निगम के वार्षिक बजट में शहरवासियों को कई नई सौगातें देने का दावा तो किया लेकिन इनमें ज्यादातर घोषणाएं वह थीं जिन पर पहले से काम चल रहा है। कुल 222 करोड़ रुपये के बजट में इक्का-दुक्का नई घोषणाओं के अलावा बाकी सारे स्मार्ट सिटी और अम्रुत मिशन के तहत हो रहे कामों का ही जिक्र किया गया।   मेयर ने सैलानियों को लुभाने के लिए शहर में मोनो रेल चलाने की घोषणा की। कहा कि स्मार्ट सिटी से यह मोनो रेल चलाएंगे।

इससे निगम की आय भी बढ़ेगी। लेकिन रेल कहां और कब तक चलेगी। तीन साल पहले पूर्व मेयर कुसुम सदरेट ने भी मोनो रेल चलाने का सपना दिखाया था लेकिन फिजिबिलिटी न मिलने पर रेल कागजों में ही दौड़ती रही। मेयर सत्या कौंडल ने इस बार मोनो रेल धरातल पर उतारने का दावा किया है। बजट में बीपीएल परिवारों को राहत दी है। इनका कोरोनाकाल का गारबेज शुल्क माफ होगा। बीपीएल परिवारों की सूची भी दोबारा बनेगी। रिज स्थित नगर निगम की टेस्ट लैब को दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। इससे महिलाओं बुजुर्गों को अस्पताल या निजी लैब में टेस्ट करवाने लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। पूर्व मेयर ने भी दो साल पहले यह घोषणा की थी।

बजट की नईं घोषणाएं 

  • ढाई करोड़ से शहर में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें, स्मार्ट सिटी से आएगा पैसा
  • शहर में दस करोड़ रुपये से बनेंगे नए एंबुलेंस रोड, पांच करोड़ से होगी टारिंग
  • सोलर सिटी बनेगा शिमला, केंद्र को भेजा प्रस्ताव
  • जून 2021 तक भरयाल कूड़ा संयंत्र से व्यावसायिक तौर पर पैदा करेंगे बिजली
  • टाउनहाल में मल्टीमीडिया शो की होगी व्यवस्था
  • सफाई निरीक्षकों के भरेंगे पांच पद, सरकार को भेजा मामला
  • स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत 115 लाभार्थियों को देंगे तीन लाख तक का ऋण 


 स्मार्ट सिटी और अम्रुत के चल रहे कामों को दोहराया

  • अगले वित्त वर्ष में 54 करोड़ से होंगे 27 प्रोजेक्ट, सड़कें, चौक होंगे चौड़े
  • 29 नई परियोजनाएं तैयार, अगले चरण में बनेंगे डक्ट, ओवरब्रिज, व्यावसायिक परिसर
  • 10 करोड़ से विकासनगर में पार्किंग, स्मार्ट होगा झांसी पार्क, टूटीकंडी में बनेगी पार्किंग और सामुदायिक भवन
  • जीवणु कालोनी, ढींगूधार, सामुदायिक भवन ढली, टूटीकंडी, खलीनी में ओवरब्रिज का जल्द पूरा होगा काम
  • रझाणा में स्मार्ट सिटी से बनेगी सड़क, वार्डों में चल रहे 36 करोड़ के 339 कार्य जल्द होंगे पूरे
  • स्मार्ट सिटी से बन रही 30 पार्किंग, 11 का काम अवार्ड, जर्जर भवनों को डिस्मेंटल कर बन रहे नए 

पिछले दो बजट की घोषणाएं इस बार फिर दोहराईं 

  • सभी वार्डों में बनाएंगे पार्क, पार्किंग, सस्ती दरों पर देंगे येलो लाइन पार्किंग
  • हर वार्ड में नगर निगम बनाएगा वार्ड दफ्तर, जनता को मिलेगी सुविधा
  • जल्द होगा आजीविका भवन का लोकार्पण, लोकमित्र केंद्रों से जमा कर सकेंगे बिल
  • सब्जी मंडी में एक छत के नीचे जनता को देंगे सभी सेवाएं
  • तहबाजारियों को देंगे स्टॉल, पहचान पत्र, शहर में बनेंगे नए एंबुलेंस रोड
  • नगर निगम सदन में लागू होगी ई विधान प्रणाली, देश का पहला निगम बनेगा
  • मोबाइल ऐप से मिलेंगी नगर निगम की ऑनलाइन सेवाएं
  • भरे जाएंगे आईटी के 20 पद, पिछले बजट में भी भरने का किया था दावा
  • स्मार्ट सिटी और सीएएसआर प्रोजेक्ट के तहत खरीदेंगे नई स्वीपिंग मशीनें, गारबेज के लिए गाड़ियां

एमसी सदन के फैसले जो जनता को देंगे राहत

 राजधानी में बिजली के खंभों पर अपनी तारों का जाल बिछा रही टेलीकॉम कंपनियों से अब नगर निगम टैक्स वसूल करेगा। यह कंपनियां अभी बिजली बोर्ड को तो शुल्क दे रही हैं, लेकिन निगम को नहीं।  गुरुवार को महापौर सत्या कौंडल की अध्यक्षता में हुए नगर निगम सदन में पूर्व मेयर कुसुम सदरेट ने यह मामला उठाया था। बिजली बोर्ड सात सौ रुपये प्रति खंभा शुल्क कंपनियों से ले रहा है। कहा कि बिजली के खंभे नगर निगम लगवाता है, ऐसे में इसके इस्तेमाल करने पर टैक्स वसूला जाए। पूर्व डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, समेत बाकी पार्षदों ने भी इसका समर्थन किया। अब निगम बिजली बोर्ड से इस बारे में बात करेगा। सदन में गरीब परिवारों के नए बीपीएल कार्ड बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। निगम की संपत्तियां पुराने किरायेदारों और डिफाल्टरों को न देने के प्रस्ताव को भी सदन ने मंजूरी दी। हालांकि पार्षद संजीव ठाकुर, सुनील धर और राकेश शर्मा ने इसका विरोध किया। हर साल पानी की दरों में होने वाली दस फीसदी बढ़ोतरी न करने के पार्षद सिमी नंदा के प्रस्ताव को भी सदन ने पारित किया। कंपनी की बीओडी इस पर अंतिम फैसला लेगी। नगर निगम लोकमित्र केंद्र के जरिये बिल जमा करने की सुविधा देगा। हालांकि, लोगों को प्रति बिल पांच रुपये अतिरिक्त देने होंगे। 

ये फैसले लिए गए

  • वेरिफिकेशन के बाद बीपीएल परिवारों का कोरोनाकाल का माफ होगा कूड़ा शुल्क
  • 3.38 करोड़ से होगी शहर की 39 सड़कों की टारिंग, टॉलैंड नाले का होगा चैनलाइजेशन
  • टुटीकंडी में पांजड़ी में 24 लाख से बनेगी पार्किंग, 33 लाख से लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें
  • जाखू में जिम की जगह खुलेगा वार्ड दफ्तर, सेंट बीड्स के पास बनेगा सबवे
  • ढली में बनेगा कार पार्किंग और कमर्शियल कांप्लेक्स
  • रिज स्थित स्टेट लाइब्रेरी का होगा जीर्णोंद्घार, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनेगा क्लब
  • आजीविका भवन में 92 लाख से देंगे बिजली, कच्चीघाटी में 19 लाख से पक्का होगा नाला
  • इस वर्ष होने वाले कामों के लिए निर्माण सामाग्री खरीदने को मंजूरी
  • टाउनहॉल में पर्यटन विभाग को मल्टीमीडिया शो लगाने को दी मंजूरी
  • चूरट से ढली टनल तक 25 लाख से चौड़ा होगी सड़क, पंथाघाटी की रूपू कालोनी में बनेगा एंबुलेंस रोड
  • एचपीयू को पार्किंग निर्माण के लिए सशर्त दी एनओसी, जीएडी के भवन निर्माण को भी एनओसी दी
  • चितकारा बावड़ी के पास नाले का होगा चैनलाइजेशन, टुटू में 29 लाख से बनेगा एंबुलेंस रोड
  • कच्चीघाटी में पत्रकार विहार से कोर्ट तक 13 लाख में बनेगा रोड
  • न्यू शिमला में जेसीबी स्कूल के समीप 16 लाख से बनेगा एंबुलेंस रोड, शिफ्ट हाेंगे वाटर एटीएम
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed