दर्दनाक: जूस के बहाने ताया ने 11 साल के मासूम को पिला दिया तेजाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के बल्ह की रजवाड़ी पंचायत में दो बच्चों की लड़ाई के बाद दूर के रिश्ते में ताया ने 11 साल के भतीजे को जूस के बहाने तेजाब पिला दिया। इससे बच्चे का मुंह और गला बुरी तरह से झुलस गया है। बच्चे को रत्ती से जिला अस्पताल मंडी रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का बेटा और उसके भाई का बच्चा खेलते-खेलते झगड़ पड़े। इसी से गुस्साए आरोपी ने भतीजे को पानी में तेजाब और हरा रंग मिलाकर पिला दिया। दादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस घटना की जांच कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि बच्चे को तेजाब पिलाया गया है। पुलिस मेडिकल रिपोेर्ट का इंतजार कर रही है। घायल बच्च की दादी सती देवी निवासी चमखवाली, रजवाड़ी (बल्ह) ने पुलिस को दी शिकायत
में बताया कि रविवार दोपहर तीन बजे उसका पोता और आरोपी का बेटा आंगन में खेल रहे थे। इस दौरान दोनों में लड़ाई हो गई। आरोपी का बेटा रोने लगा। इस पर जयराम पुत्र पीरू राम पोते को बहला-फुसला कर घर से कुछ दूर बावड़ी पर ले गया।
इस तरह रची साजिश
यहां पर उसने गिलास में पानी, तेजाब और रंग मिलाया और जूस बताकर पिला दिया। इसे पीते ही बच्चे का मुंह बुरी तरह से जल गया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर दादी मौके पर पहुंची और गांव वाले एकत्र हो गए। इतने में आरोपी मौके से फरार हो गया।
आरोपी सरकारी स्कूल में चौकीदार है। परिजन घायल बच्चे को एंबुलेंस से रत्ती अस्पताल लाए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में मंडी रेफर कर दिया। यहां बच्चे को सांस लेने में दिक्कत आ रही है।
उसे ऑक्सीजन लगाई गई है। मामले की जांच कर रहे एएसआई धर्म दत्त ने बताया कि देरशाम बल्ह थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल बच्चे ने परिजनों को बताया कि उसे जयराम ने हरे रंग का जूस पिलाया था।
रिपोर्ट के बाद बदलेंगे धाराएं
एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक सूचना पर आईपीसी की धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया गया था। बच्चे की हालत और तेजाब पिलाने की बात को देखते हुए धारा 326 लगाई जा सकती है।
अभी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। यही लग रहा है कि बच्चे को तेजाब पिलाया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।