माकपा उम्मीदवार दलीप कायथ के कमरे पर देर रात पथराव, खिड़की का शीशा टूटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंडी से माकपा प्रत्याशी दलीप कायथ के कमरे पर देर रात किसी ने पथराव कर दिया। कायथ मंगलवार को सिराज के चाटी स्थित किसान-मजदूर भवन में ठहरे थे। भवन के इसी कमरे में अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है लेकिन पथराव में कमरे की खिड़की का शीशा टूट गया है। माकपा नेताओं का कहना है कि पत्थरबाजी करने वाले एक बाइक और दो कारों में सवार होकर आए थे। पथराव के दौरान चार बार डीएसपी को फोन किया गया लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
पथराव के बाद माकपा कार्यकर्ताओं ने ब्रौ थाना में केस दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। चुनाव आयुक्त मंडी से भी इसकी शिकायत पर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को प्रचार के बाद माकपा प्रत्याशी कार्यकर्ताओं के साथ चाटी के किसान-मजदूर भवन में ठहरे थे। रात करीब सवा एक बजे भवन पर पथराव शुरू हो गया। पथराव उसी कमरे पर किया गया, जहां माकपा प्रत्याशी और कार्यकर्ता सोए थे।
ये भी सोए थे इसी कमरे में
एक पत्थर खिड़की के शीशे को तोड़ता हुआ अंदर आ गिरा। इससे अंदर सोए लोगों की नींद टूटी। काफी देर तक पथराव करने के बाद शरारती तत्व वहां से फरार हो गए। आरोप है कि पथराव के दौरान ये लोग भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्रीराम के नारे भी लगा रहे थे।
मंडी लोस प्रत्याशी दलीप कायथ, माकपा के राज्य कमेटी सदस्य विजेंद्र मेहरा, बलवीर पराशर, कुलदीप, अजय दुल्टा, तुला राम और राम प्रकाश भी इसी कमरे में सोए थे। जिस पर पथराव किया गया।
पुलिस थाना ब्रौ के प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि पथराव से किसान मजदूर भवन की एक खिड़की का शीशा टूट गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। जल्द ही शरारती तत्व पकड़े जाएंगे।
वहीं डीएसपी तेजेंद्र वर्मा ने कहा कि माकपा कार्यालय में पथराव को लेकर मामला दर्ज किया गया है। रात दो बजे उन्हें फोन आया था, जिसका उन्होंने जवाब दिया था। पुलिस पत्थर मारने वालों की तलाश में जुटी हुई है।