हिमाचल: पैदल रास्ता तय कर यहां तीसरे दिन पहुंची पोलिंग पार्टी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में कांगड़ा जिले की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल में मतदान व्यवस्था के लिए 18 सदस्यीय टीम शनिवार शाम को बड़ा भंगाल पहुंच गई है। मुख्य निर्वाचन कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों में ईवीएम और वीवीपैट के साथ पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं।
बड़ा भंगाल के लिए पोलिंग पार्टी को बीते वीरवार को बैजनाथ से चंबा के होली के न्या ग्रां के लिए रवाना किया गया था। शुक्रवार को सुबह टीम न्या ग्रां से बड़ा भंगाल के लिए रवाना हुई।
न्या ग्रां से बड़ा भंगाल के करीब 32 किलोमीटर दुर्गम रास्ते को तय करने के लिए दो दिन का समय लगता है। शुक्रवार शाम को न्या ग्रां से बड़ा भंगाल के रास्ते में पड़ने वाले धारड़ी गांव में रात विश्राम के बाद टीम शनिवार शाम को बड़ा भंगाल पहुंच गई।
पंजाल पहाड़ियों के मध्य स्थित है बड़ा भंगाल
समुद्र तल से 7700 फीट की ऊंचाई पर हिमालय की पीर पंजाल पहाड़ियों के मध्य स्थित बड़ा भंगाल में करीब डेढ़ सौ मतदाताओं के लिए मिडल स्कूल में पोलिंग बूथ बनाया गया है। साल 2012 के बाद से हो रहे विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए यहां पर बूथ स्थापित किया जा रहा है।
पिछले विधानसभा चुनावों में बड़ा भंगाल में 48 मतदाता मौजूद थे और करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार हेलीकॉप्टर उपलब्ध न होने के कारण दल को चंबा के रास्ते से पैदल बड़ा भंगाल भेजा गया है।
मतदान प्रक्रिया पूरी होने पर रविवार सायं या फिर सोमवार सुबह टीम को हेलीकॉप्टर से बैजनाथ लाया जा सकता है। उधर, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रामेश्वर दास ने बताया कि टीम बड़ा भंगाल पहुंच चुकी है।