#VoteKaro: हिमाचल में मतदान आज, इतने लाख मतदाता करेंगे 45 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल की चार लोकसभा सीटों के लिए 52 लाख 62 हजार 126 मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में रविवार को अपने वोट की ताकत दिखाएंगे। इन मतदाताओं में 26.57 लाख पुरुष, 26.04 महिलाएं और 47 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
1.52 लाख से ज्यादा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। देश के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी किन्नौर जिले के कल्पा में मतदान करेंगे। इसके अलावा दुनिया का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र लाहौल-स्पीति जिले का टशीगंग भी मतदाताओं के स्वागत को पूरी तरह तैयार है।
रविवार को होने वाले मतदान में भाजपा से लोकसभा में मुख्य सचेतक रहे हमीरपुर सीट से अनुराग ठाकुर, कांगड़ा से जयराम सरकार के मंत्री किशन कपूर, मंडी से निवर्तमान सांसद रामस्वरूप शर्मा और शिमला सीट से सुरेश कश्यप चुनावी रण में हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस से हमीरपुर सीट से पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, कांगड़ा से विधायक पवन काजल, मंडी से आश्रय शर्मा और शिमला सीट से कर्नल धनीराम शांडिल मैदान में हैं।
इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दाव पर
इनके अलावा बसपा, माकपा और निर्दलीय प्रत्याशी भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। चार लोकसभा सीटों पर कुल 45 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पंडित सुखराम जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा भी इस चुनाव में दांव पर है।
चारों लोकसभा क्षेत्रों में कुल 7723 मतदान केंद्र और सात सहायक मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 367 अतिसंवेदनशील और 950 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। मतदान प्रक्रिया पूरा कराने के लिए 7730 पीठासीन अधिकारियों और 23,190 मतदान अधिकारियों के अलावा केंद्रीय बलों की 47 कंपनियां, दस हजार पुलिस कर्मचारी व 9 हजार से ज्यादा होमगार्ड तैनात हैं।
मतदान केंद्रों पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
मतदान केंद्रों पर रैंप, पीने के पानी, लाइटिंग, हेल्प डेस्क, दिशासूचक, महिला और पुरुषों के लिए हर मतदान केंद्र पर अलग-अलग शौचालय की सुविधा होगी। दिव्यांग, वृद्ध, गर्भावस्था वाली मतदाताओं के लिए हर मतदान केंद्र पर दो-दो स्वयंसेवक तैनात हैं।
महिलाएं संभालेंगी हर विधानसभा क्षेत्र में दो मतदान केंद्र
हर विधानसभा क्षेत्र में दो मतदान केंद्रों का संचालन महिला चुनाव अधिकारी ही करेंगी। वहीं, प्रदेश में दस मतदान केंद्रों का संचालन दिव्यांग मतदान कर्मियों द्वारा किया जाएगा।
वोटर लिस्ट में नाम है तो कर सकेंगे मतदान
मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र होने से ही वोट डालना सुनिश्चित नहीं होगा। अगर नाम मतदाता सूची में है तो ही वह व्यक्ति वोट डाल सकेगा। हालांकि अपनी पहचान दिखाने के लिए उसे पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य या केंद्र सरकार के उपक्रम या कंपनी के पहचान पत्र, बैंक डाकघर से जारी फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, मनरेगा जॉबकार्ड, श्रम मंत्रालय की ओर से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज या आधार कार्ड में से कोई भी पहचान पत्र दिखाना होगा।
सीमाएं सील, बिना चेकिंग नहीं आ सकेंगे वाहन
वहीं, 23 मई को होने वाली चुनावों की मतगणना के लिए कुल स्थापित 18 मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल, प्रदेश पुलिस आरक्षित वाहिनी एवं जिला पुलिस की टुकड़ियों को तैनात किया गया है जो चुनाव के दिन से लेकर मतगणना संपन्न होने तक तैनात रहेगी। ब्यूरो
कहां कितने मतदाता
कांगड़ा 1874 727384 699934 20 1427338
मंडी 2079 650796 630661 5 1281462
हमीरपुर 1764 691683 670579 7 1362269
शिमला 2006 654248 604822 15 1259085
मतदान प्रतिशत
2014 64.45
2009 58.43
2004 59.71