कांग्रेस घोषणापत्र देश की सुरक्षा पर क्रूरतम प्रहार: जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस की ओर से जारी किया गया घोषणापत्र देश की सुरक्षा पर क्रूरतम प्रहार है। यह घोषणापत्र देश की एकता और अखंडता के विरुद्ध कांग्रेस का घातक एजेंडा है। देश की जनता ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि एक दिन देश की सबसे पुरानी पार्टी देशद्रोहियों और अलगाववादियों के साथ खड़ी हो जाएगी। कांग्रेस के घोषणापत्र में किए गए वायदों को देखकर लगता है कि यह घोषणापत्र कांग्रेस ने न बनाकर अलगाववादियों ने देश की अखंडता के विरुद्ध एक शपथपत्र बनाया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में देशद्रोह की धारा 124 ए हटाने का वायदा करके यह सुनिश्चित कर दिया है कि कांग्रेस का हाथ अब देशद्रोहियों के साथ है। इसी तरह सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम (अफस्पा) को हटाने का अर्थ है कि सेना के पास से आतंकियों पर प्रहार करने के हथियार छीन लिए जाएं। कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि मूल रूप से कांग्रेस नेतृत्व ही जम्मू-कश्मीर के वर्तमान हालात के लिए जिम्मेदार है।
कांग्रेस को लोकसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा खामियाजा
उनकी ऐतिहासिक भूल का खामियाजा आज पूरी घाटी ही नहीं, पूरे देश को भुगतना पड़ रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले पांच साल में देश की जनता ने कांग्रेस का असली रूप और रंग देखा है।
कांग्रेस नेताओं ने देश के सेनाध्यक्ष को कभी ‘सड़क का गुंडा’ कहा। कभी सेना के पराक्रम और शौर्य पर ही प्रश्न चिह्न लगाने का कार्य किया। कांग्रेस एक तरफ शहीदों के बलिदान का अपमान करती रही तो दूसरी तरफ आतंकियों को ‘जी’ और ‘साहब’ के संबोधन से देशभक्तों का सिर शर्म से झुकाने का कार्य करती रही है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वोटों की ओछी राजनीति के लिए कांग्रेस ने देश की सुरक्षा को दांव पर लगाने का जो घिनौना खेल खेला है, उसे देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है और कांग्रेस को इसका खामियाजा लोकसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा।