मतदान से एक दिन पहले ही कर डाला ईवीएम का ट्रायल, पोलिंग पार्टी को हटाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के घुमारवीं उपमंडल में भगेड़ मतदान केंद्र में चुनावी ड्यूटी पर गए कर्मचारियों ने मतदान से एक दिन पहले शनिवार को ही ईवीएम मशीनों का ट्रायल कर डाला जिसके बाद चुनाव आयोग ने पूरी टीम पर कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर दिया है।
जबकि भगेड़ मतदान केंद्र पर चुनाव करवाने के लिए नई टीम मौके पर भेज दी गई है। इस पूरे मामले की जानकारी सेक्टर ऑफिसर ने एसडीएम घुमारवीं को दी। मामले की छानबीन के बाद पूरी की पूरी टीम को मतदान केंद्र पर से हटा दिया गया है।
वहीं, चुनाव आयोग की ओर से सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है। एसडीएम घुमारवीं शशिपाल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी को सूचित कर दिया गया है।
इन तमाम कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कहा है। एसडीएम ने बताया की भगेड़ मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टी ने पहुंचते ही ईवीएम की सील तोड़कर इन्हें टेस्टिंग के तौर पर आज ही चला दिया।
कर्मचारियों पर 12 घंटे में मांगा जबाव
चुनाव आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि इन्हें मतदान के दिन ही इस तरह से खोलकर टेस्ट किया जाएगा। पोलिंग पार्टी को हटा दिया गया है जबकि उनके स्थान पर भगेड़ मतदान केंद्र पर नई पोलिंग पार्टी भेज दी गई है।
भगेड़ मतदान केंद्र पर नियुक्त की गई पोलिंग टीम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एसडीएम घुमारवीं की ओर से नोटिस जारी कर 12 घंटे में जबाव मांगा गया है। अगर उक्त लोग संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए तो इनके खिलाफ नियम अनुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।