पोते के साथ सुखराम आज करेंगे शक्ति प्रदर्शन, अनिल रहेंगे दूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंडी संसदीय क्षेत्र से टिकट हासिल करने के बाद पंडित सुखराम और उनके पोते एवं कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा आज मंडी पहुंचेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी मंडी ने उनके स्वागत की तैयारियां कर ली हैं। लेकिन आश्रय के पिता एवं भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल शर्मा स्वागत समारोह का हिस्सा नहीं बनेंगे। वह भाजपा के कार्यक्रमों की तरह कांग्रेस के इस स्वागत कार्यक्रम से भी दूरी बनाए रखेंगे।
सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता पंडित सुखराम और आश्रय का स्वागत सलापड़ में करेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे विश्वकर्मा मंदिर से ओपन जीप में सवार होकर दोनों गांधी भवन तक शक्ति प्रदर्शन करते हुए पहुंचेंगे। जिलाध्यक्ष कांग्रेस दीपक शर्मा ने कहा कि स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां हो चुकी हैं।
इसमें वर्ष 2017 के विस चुनावों में मंडी संसदीय क्षेत्र के 17 प्रत्याशियों समेत जिला, ब्लॉक पदाधिकारियों को बुलाया गया है। गांधी भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर आश्रय प्रचार का औपचारिक आगाज भी करेंगे। कार्यक्रम के बाद दादा-पोता अपने गांव कोटली में कुल देवता के दर्शन करेंगे।
घर पर मुलाकात होने पर दूंगा आशीर्वाद: अनिल
भाजपा विधायक और ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि वह कांग्रेस के स्वागत कार्यक्रम से दूरी बनाए रखेंगे। वह न तो अपने बेटे के लिए प्रचार करेंगे और न ही उनका स्वागत करेंगे। घर पर जब मुलाकात होगी तो एक पिता के नाते अपने बेटे को प्यार और आशीर्वाद और शुभकामनाएं देंगे। उन्होंने कहा कि उनके बेटे और पिता ने अपनी मर्जी से कांग्रेस का हाथ थामा है।
पंडित सुखराम की इच्छा है कि वह अपने पोते को राजनीति की बुलंदियों पर पहुंचाएं और इस दिशा में दोनों अपना कार्य कर रहे हैं। यह उनके लिए एक अजीब सी स्थिति है। वह खुद भाजपा में हैं और पिता व बेटा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम ने जनता के लिए काम किया है और उसी के आधार पर अब दोनों जनता के बीच जाने वाले हैं।