मतदान से एक दिन पहले भाजपा-कांग्रेस कार्यालय में ऐसा रहा माहौल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मतदान से एक दिन पहले शनिवार को प्रदेश भाजपा के कार्यालय में दिन भर हलचल रही। भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष गणेश दत्त दिन भर व्यवस्था देखते रहे। पोलिंग एजेंटों को राज्य के सभी बूथों पर हाजिर रहने के निर्देश दिए गए।
चक्कर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय दीपकमल में चुनाव खर्च के लेखे-जोखे को दुरुस्त किया गया। इसके लिए भाजपा के चार्टेड अकाउंटेंट पूरे दिन कार्यालय में फाइलें टटोलते रहे, जिससे कि निर्वाचन आयोग के समक्ष खर्च की सही स्थिति पेश की जा सके।
शनिवार को चक्कर स्थित भाजपा कार्यालय दीपकमल में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त सुबह दस बजे ही कार्यालय पहुंच गए। यहां रिसेप्शन पर त्रिलोक चंद वर्मा फोन अटेंड कर रहे थे तो भाजपा के कार्यालय सचिव सुरेश भी साथ बैठे थे।
ये प्रदेश भर से आ रहे फोन अटेंड कर रहे थे और भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करने में जुटे थे। भाजपा कार्यालय में यादविंदर सिंह चौहान, करण नंदा और अन्य भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और फील्ड से आ रही समस्याओं का निपटारा करने में जुटे रहे।
दोपहर के समय शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष प्रो. चमन लाल गुप्ता भी प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। वह भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष गणेश दत्त के साथ प्रदेश भाजपा की चुनावी तैयारियों पर गपशप करते रहे।
गणेश दत्त शिमला संसदीय क्षेत्र में भाजपा के चुनाव एजेंट भी हैं। ऐसे में वह शिमला संसदीय क्षेत्र की तैयारियों का लगातार जायजा लेते रहे। मतदाता सूचियों का भी अवलोकन करते रहे।
कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में दिन भर रही रौनक
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में शनिवार को दिन भर रौनक रही। सुबह करीब 11:30 बजे पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर राजीव भवन शिमला के प्रमुख हाल में फोन पर बतिया रहे थे।
कुछ देर बात करने के बाद वह अपने कार्यालय पहुंचे। यहां पर पहले से मौजूद उनके राजनीतिक सलाहकार हरिकृष्ण हिमराल और अन्य पदाधिकारियों की बैठक लेनी शुरू की।
शिमला शहरी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण शर्मा अपने कमरे में दिन भर पोलिंग बूथों में तैनात की गई टीमों के सदस्यों से घिरे रहे। इन टीमों को बूथों की मतदाता सूचियों के बंडल सौंपे जाते रहे और यह सिलसिला शाम छह बजे तक चलता रहा।
इसके अलावा पार्टी की झंडियां, लड़ियां और अन्य सामग्री सौंपी जाती रही। कांग्रेस के वार रूम से सोशल मीडिया भी सक्रिय रहा। यहां तैनात कर्मचारी अपने कंप्यूटरों में कांग्रेस की प्रचार सामग्री परोसते रहे।
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के दफ्तर में तैनात कार्यालय सचिव गुलाब सिंह टेलीफोन से दिन भर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को मतदान से संबंधित प्रदेशाध्यक्ष के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों से अवगत कराते रहे।
ये दिशा-निर्देश सभी संसदीय क्षेत्रों के विधानसभा क्षेत्रों से पोलिंग बूथों तक टेलीफोन के माध्यम से तत्काल पहुंचाए जा रहे थे। पार्टी के पोलिंग दलों को निर्देश दिए गए कि हर घंटे कितना मतदान हुआ, इसकी सूचना तत्काल पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचाई जाए।