लोकसभा चुनाव परिणाम 2019: मुरझाए चेहरे लेकर बार-बार चैनल बदलते रहे कांग्रेस नेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समय, सुबह 9:00 बजे, पार्टी का प्रदेश कार्यालय राजीव भवन शिमला। पार्किंग में पार्टी और फ्रंटल संगठनों के नेता खड़े हैं। माहौल में मायूसी छाई है। नीचे सीढ़ियां उतरते प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर का कमरा बंद है। महासचिव रजनीश किमटा का कमरा खुला था। यहां कुछ नेता और कार्यकर्ता चैनल बदल-बदल कर चुनावी नतीजे देख रहे हैं। अन्य पदाधिकारियों के कमरे खुले थे, लेकिन कोई नेता मौजूद नहीं था।
वीरवार को राजीव भवन में नेता चैनल बदल-बदल कर चुनाव नतीजे देख रहे थे। नतीजे पार्टी के लिए संतोषजनक नहीं थे, इस कारण बार-बार चैनल बदले जा रहे थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर भी सुबह ठीक 11:30 बजे राजीव भवन पहुंचे और अपने कमरे में प्रवेश किया। उनके साथ शिमला शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण शर्मा, जिला हमीरपुर के प्रेम कौशल, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी प्रवेश करते हैं।
लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार को लेकर नेता मंथन करते रहे। कई नेता तो यहां तक कहते दिखे कि पार्टी को नए सिरे से मजबूत करने की जरूरत है, ताकि विधानसभा चुनाव में भाजपा का कड़ा मुकाबला किया जा सके। पार्टी ने चुनाव में कहां मार खाई और भाजपा को बंपर वोट कैसे मिला? इसे लेकर भी नेता अपने विचार रख रहे थे।
सोशल मीडिया पर छाई कांग्रेस दस बजे के बाद गायब
लोकसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर छाई कांग्रेस सुबह दस बजे तक पूरी तरह से गायब हो गई। एनडीए को बढ़त मिलते ही फेसबुक, ट्विटर पर पीएम नरेंद्र मोदी छा गए। भाजपा की प्रचंड जीत को आईटी सेल ने जमकर ट्रेंड करवाया। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सोशल मीडिया पर कई पोस्ट अपलोड कीं। पीएम मोदी के साथ पूर्व के दिनों में खिंचवाई फोटो भी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खूब शेयर की। कांग्रेस पर व्यंग करते कार्टून भी सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए।
वीरवार सुबह मतगणना शुरू होने से पहले कांग्रेस ने टवीट्र पर ‘जीतेगी कांग्रेस’ हैशटैग को ट्रेंड किया। करीब दस बजे तक सीटों की स्थिति साफ होते ही कांग्रेस टवीट्र से गायब हो गई। उधर, सुबह के समय भाजपा ने ‘आ रहा है मोदी’ और ‘मोदी ही जीतेगा’ जैसे हैशटैग ट्रेंड करना शुरू किए। सीटों की संख्या बढ़ते ही भाजपा की आईटी टीम फ्रंटफुट पर आ गई। ‘मोदी मैजिक’, ‘मोदी क्लीन स्वीप’, ‘मोदी आ गया’ और ‘मोदी फिर से’ हैशटैग ट्रेंड में आ गए।
उधर, फेसबुक पर भी भाजपा ने कांग्रेस को टिकने नहीं दिया। कांग्रेस पर व्यंग कसते कई कमेंट भाजपा समर्थकों ने किए। राहुल गांधी के अमेठी सीट से ही हारने और हिमाचल के किसी भी एक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त नहीं मिलने से संबंधित कई पोस्ट भी भाजपा समर्थकों ने अपलोड किए। वीरवार को दिन भर भाजपा की जीत से जुड़ी पोस्ट ही सोशल मीडिया पर छाई रहीं।