फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Lok Sabha Chunav 2019 kishan kapoor pawan kajal congress versus bjp

ग्राउंड रिपोर्ट: कांगड़ा में मोदी-राहुल के आगे लोकल चेहरे बौने

Sun, 19 May 2019 06:45 AM IST
अरविन्द ठाकुर सुनील चड्ढा, अमर उजाला, धर्मशाला
सुनील चड्ढा, अमर उजाला, धर्मशाला Published by: अरविन्द ठाकुर Updated Sun, 19 May 2019 06:45 AM IST
विज्ञापन
Lok Sabha Chunav 2019  kishan kapoor pawan kajal congress versus bjp
- फोटो : अमर उजाला

हिमाचल की सत्ता को अपनी धुरी पर चलाने का माद्दा रखने वाली कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट पर कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशियों के चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं। 17 विधानसभा हलको वाली इस सीट से दोनों ही प्रत्याशियों को जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर मैदान में उतारा गया है। मतदाता दोनों प्रत्याशियों काजल और कपूर से इतर मोदी और राहुल गांधी की बात कर रहे हैं। 

विज्ञापन


किसानों के खाते में डाले गए 4000 रुपये, आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और न्याय योजना गांव के मतदाताओं की जुबान पर है। भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर भी हर जनसभा में सिर्फ मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल अपनी साधारण छवि और राहुल गांधी की न्याय योजना को भुनाने में लगे हैं।
विज्ञापन


किशन कपूर और पवन काजल में से जो भी चुनाव हारेगा, उसे व्यक्तिगत नुकसान नहीं होगा क्योंकि हार के बाद भी वह विधायक रहेगा। ऐसे में दोनों ही नेताओं की जीत के लिए सेकेंड लाइन के नेता खूब मेहनत कर रहे हैं, ताकि उनका नंबर माननीय बनने के लिए आ सके। प्रत्याशियों की आड़ में कांग्रेस और भाजपा के कुछ बड़े नेता अपने भविष्य की सियासी गोटियां फिट करने में लगे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


चुनावी शोरगुल के बीच कांगड़ा साइलेंट मोड पर
कांग्रेस-भाजपा और अन्य दलों के झंडे, बैनर, लाउड स्पीकर बेहद कम दिखने से पूरा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र चुनावी शोरगुल के बीच साइलेंट मोड पर है। किसान चुनावी टेंशन से दूर गेहूं की कटाई में लगे हैं। वोट किसे देना है, मतदाता इस पर मौन हैं। 

राष्ट्रीय मसले स्थानीय मुद्दों पर हावी 
चुनावी चर्चा में स्थानीय मुद्दे गायब हैं। गरीबी और बेरोजगारी के साथ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, राफेल और नेताओं की अभद्र बयानबाजी पर चर्चा चल रही है। चंबा में सीमेंट प्लांट, केंद्रीय विवि भवन निर्माण, फोरलेन निर्माण सहित अन्य स्थानीय मुद्दों पर राष्ट्रीय मुद्दे हावी हैं।

मुद्दा तां गरीबी है, पर पुछया कुनीं नी अज्जे तक

पालमपुर विस क्षेत्र के अधीन आने वाले जिया रोड पर 25 साल से गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले मिस्त्र राम पहले तो कहने लगे कि जिस ओर लहर होगी, वहीं हम चलेंगे। थोड़ी देर बात मिस्त्र राम स्थानीय भाषा में कहते हैं... साड़ा मुद्दा तां गरीबी है, पर पुछया नीं कुनीं पुछया अज्जे तक। यानी, हमारा मुद्दा तो गरीबी है, लेकिन किसी ने आज तक पूछा नहीं। इस बार हमारे खाते में 4000 रुपये डले। स्वास्थ्य बीमा कार्ड से इलाज मुफ्त होने से लाभ हुआ है।

अब 72 हजार मिलेंगे या नहीं इसका पता तो बाद में ही चलेगा। कांगड़ा के जमानाबाद की रीना देवी ने कहा कि एमपी के इलेक्शन में कांगड़ा का हमारा अपना आदमी लड़ रहा है। हमें मुद्दों से कोई लेना देना नहीं। जो हमें पूछेगा, हम उसे पूछेंगे। चैतड़ू की चंचलो देवी कहती हैं कि किशन कपूर और पवन काजल उनके गांव में आए थे, लेकिन दोनों नेता किस पार्टी से हैं, वह यह नहीं जानती।  

ज्वालाजी में चाय की दुकान पर बेरोजगार अंकुश और राजेश आपस में बतिया रहे हैं कि हिमाचल में अच्छी नौकरी मिलना बेहद मुश्किल है। दूसरे राज्यों में कई इंटरव्यू दिए, लेकिन तनख्वाह कम दे रहे हैं। काश यहां बड़े उद्योग या कंपनियां होतीं तो यहीं नौकरी कर लेते। लंज में राकेश कुमार ने कहा कि इस गांव में पानी की समस्या कभी हल नहीं हुई।

मोदी ने स्वास्थ्य बीमा योजना और किसानों के खाते में पैसा डालकर गरीब की सुनी तो है, लेकिन राजीव गांधी पर मोदी की बयानबाजी सही नहीं थी। राजोल में सिर पर गेहूं का लट्ठा उठाए पिंको देवी कहती हैं कि हमें मिला तो कुछ नहीं, लेकिन मोदी को एक बार और मौका देना चाहिए। इच्छी के राजीव कहते हैं कि इंदिरा गांधी ने हमें जमीनें दी थीं। भाजपा ने बातें ज्यादा कीं, लेकिन काम कम किया।

भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर का कहना है कि किसानों को खाद के लिए 6 हजार रुपये देना, 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की योजना, गरीब गृहिणियों को मुफ्त गैस कनेक्शन और आतंकवाद के प्रति सख्त रुख अपनाना भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं। ‘मैंने मंत्री और एमएलए रहते हुए ईमानदारी से काम किया है। कांग्रेस धन और झूठ के बल पर चुनाव लड़ रही हैं।’

कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल ने कहा कि कांगड़ा में आम आदमी और वीआईपी के बीच मुकाबला है। उन्होंने कहा ‘मेरी स्टार प्रचारक मेरी जनता है। मुझे किसी स्टार प्रचार की जरूरत नहीं। मैं अपनी साधारण छवि और कांग्रेस की विकास की नीतियों पर चुनाव लड़ रहा हूं। मैं रोज 1 हजार लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलता हूं, इसलिए 1 लाख वोट के अंतर से चुनाव जीतूंगा।’

कांगड़ा सीट में कुल मतदाता 
कुल मतदाता : 1427338
महिला मतदाता : 727384 
पुरुष मतदाता : 699934

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed