हिमाचल में मतदाताओं ने रचा इतिहास, देवभूमि में रिकॉर्ड 71 फीसदी मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवभूमि हिमाचल में मतदान के तमाम रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए हैं। मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए इस बार रिकॉर्ड 71 फीसदी मतदान कर इतिहास रच दिया है। सूबे में यह अब तक सबसे ज्यादा मतदान है।
इससे पहले 1998 के लोकसभा चुनाव में ही 65.32 प्रतिशत मतदान का सर्वाधिक रिकॉर्ड था। समुद्रतल से 15,256 फीट की ऊंचाई पर विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टशीगंग में शून्य तापमान के बीच सुबह ही मतदान के लिए कतारें लग गईं।
आखिरी सातवें चरण में हुए हिमाचल के लोकसभा चुनाव के मतदान के साथ ही 45 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है, जिस पर फैसला 23 मई को होना है। राज्य के ऊना जिले में रिकॉर्ड 75.88 फीसदी मतदान हुआ। लाहौल स्पीति जिले में सबसे कम 61.79 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रदेश में सुबह से ही हर उम्र के लोगों में मतदान के लिए खासा उत्साह दिखा।
100 से ज्यादा उम्र के सैकड़ों बुजुर्गों के अलावा फर्स्ट वोटर, महिलाओं, पुरुषों में उत्साह देखा गया। कुल्लू, सिरमौर और कांगड़ा में सात फेरे लेने से पहले सेहरा बांध दूल्हे वोट डालने पहुंचे। एक दुल्हन भी मत डालने पहुंची। बुजुर्गों और अपंगों को पीठ, कुर्सियों और पालकियों पर लाया गया। कई मतदाता 10 किमी तक पैदल चलकर पोलिंग बूथों तक पहुंचे।
किस वर्ष कितने फीसदी हुआ लोकसभा चुनावों में मतदान
वर्ष मतदान प्रतिशत
1977 59.56%
1980 58.70%
1984-85 61.45%
1989 63.94%
1991 57.40%
1996 57.58%
1998 65.32%
1999 56.78%
2004 59.71%
2009 58.43%
2014 64.45%
2019 66.48% (पांच बजे तक)
इस बार किस जिले में कितने फीसदी हुआ मतदान
मंडी 73.06%
सोलन 75.77%
ऊना 75.88%
कुल्लू 75.6%
चंबा 68.87%
हमीरपुर 71.42%
कागड़ा 70.50%
शिमला 68.63%
किन्नौर 71.04%
लाहौल स्पीति 61.79%
बिलासपुर 73.94%
सिरमौर 74.72%
मतदान के दौरान दर्जनों ईवीएम ने दगा भी दे दिया। मंडी, ऊना, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर आदि जिलों के कई क्षेत्रों में ईवीएम और वीवीपैट मशीनें खराब होने से मतदान देरी से शुरू हुआ। बिलासपुर में ईवीएम को समय से पहले खोलने पर चार सरकारी कर्मी सस्पेंड कर दिए। बिलासपुर में ही शराब का एक ठेका भी बंद किया गया।
हालांकि, चुनाव आयोग की दी पर्चियों को लेकर बगैर पहचान पत्र के ही मतदान करने पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों को लौटाया गया। इससे मतदान प्रभावित रहा। मंडी के सुंदरनगर में भाई-भाभी वोट डालने गए हुए थे और पीछे से आईटीआई की छात्रा ने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी। दिल्ली से वोट डालने मंडी आ रहा दंपती हादसे का शिकार हो गया। पति की मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किस साल मतदान की क्या प्रतिशतता रही
मतदान प्रतिशत
साल प्रतिशत
2019 71
2014 64.45
2009 58.43
2004 59.71
डेढ़ साल पहले विस चुनाव में भी टूटा था रिकॉर्ड
डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनाव के नौ नवंबर 2017 को हुए पिछले मतदान में भी मतदान के सभी रिकॉर्ड टूट गए थे। इस चुनाव में 74.60 प्रतिशत मतदान हुआ था। इससे पहले वर्ष 2003 में ही विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक 74.51 फीसदी वोट पड़े थे।
सोशल मीडिया पर भी छाया रहा मतदान
लोकसभा चुनाव का मतदान रविवार को सोशल मीडिया पर भी खूब छाया रहा। वोट डालने के बाद मतदाताओं ने स्याही रंगी उंगली दिखाते अपनी सेल्फी सहित अन्य फोटो फेसबुक, टिवट्र और इंस्ट्राग्राम पर शेयर किए। चारों लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों सहित राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं ने भी मतदान करने के बाद अपने फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए।
सीएम भी बोले, पैन कार्ड दूं क्या
मतदान करने बूथ में पहुंच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों से पूछा - पैन कार्ड दूं क्या? इस बीच उन्होंने अपने पर्स को निकाला और पैन कार्ड निकालने लगे, मगर कर्मचारियों ने उन्हें मतदान की अनुमति दे दी।
18 मतदान केंद्रों के 72 काउंटिंग हालों में होगी मतगणना
प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है। अब मतगणना 23 मई को सुबह आठ बजे से हिमाचल में 18 मतगणना केंद्रों के 72 काउंटिंग हालों में होगी। कांगड़ा संसदीय सीट की मतगणना कड़ी सुरक्षा में चंबा के मिलेनियम पॉलीटेक्निक कॉलेज, आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर, डिग्री कॉलेज ज्वालामुखी, पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज धर्मशाला और शहीद कैप्टन विक्रम बतरा डिग्री कॉलेज पालमपुर में होगी। मंडी सीट की मतगणना सीनियर सेकेंडरी स्कूल केलांग,
डिग्री कॉलेज कुल्लू, पीजी कॉलेज मंडी, जवाहर लाल इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर, राजीव गांधी डिग्री कॉलेज जोगिंद्रनगर, सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामपुर और बचत भवन रिकांगपिओ में होगी। हमीरपुर संसदीय सीट की मतगणना सीनियर सेकेंडरी स्कूल छात्र हमीरपुर, पीजी कॉलेज ऊना और पीजी कॉलेज बिलासपुर में होगी। शिमला संसदीय सीट की मतगणना पीजी कॉलेज सोलन, डॉ. वाईएस परमार पीजी कॉलेज नाहन और डिग्री कॉलेज धामी (शिमला) में होगी।