शिमला के इस निजी स्कूल परिसर में घुसा तेंदुआ, लोगों में दहशत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चक्कर कोर्ट परिसर के बाद अब शहर के एक निजी स्कूल के कैंपस में तेंदुआ घुस गया। नवबहार स्थित चैल्सी स्कूल के परिसर में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तेंदुआ देखा गया। स्कूल चौकीदार समेत कुछ लोगों ने कैंपस के नजदीक तेंदुआ घूमता देखा।
हालांकि, चंद सेकंड बाद ही यह तेंदुआ साथ लगते जंगल में गायब हो गया। तेंदुआ दिखने की खबर फैलते ही लोग दहशत में आ गए। स्कूल आने वाली कई छात्राएं रास्ते से ही वापस लौट गईं।
इसके अलावा जो छात्राएं स्कूल पहुंचीं थीं वह भी शाम के समय ग्रुप में वापस लौटीं। साथ लगते सेंट बीड्स कालेज की कई छात्राएं भी क्षेत्र में तेंदुआ दिखने की सूचना पाकर सुबह ही कॉलेज से वापस लौट गईं। कालेज की बाकी छात्राएं भी दहशत में रहीं।
कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले
सूचना मिलते ही वन्य जीव विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्कूल प्रशासन के साथ कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें भी तेंदुआ दिखाई दे रहा है।
स्कूल के कर्मचारियों ने वन्यजीव विभाग की टीम को बताया कि पिछले दो दिन से स्कूल परिसर के नजदीक तेंदुआ घूमता देखा है। स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मांग पर विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए यहां पिंजरा भी लगा दिया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले ही तेंदुए ने यहां कई छोटे कुत्तों को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद से लगातार तेंदुआ इस इलाके में घूम रहा है। वन विभाग ने स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों को भी अगले कुछ दिन अलर्ट रहने को कहा है।
खाने की तलाश में रिहायशी इलाकों में आ रहे तेंदुए
वन्यजीव विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों से जंगली जानवर ठंड के चलते निचले इलाकों में जा रहे हैं। खाने की कमी के चलते तेंदुए भी निचले इलाकों में आ रहे हैं।
रिहायशी इलाकों में इन दिनों आसानी से आवारा कुत्ते इनका शिकार होते हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे सुबह-शाम छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें।
स्कूल परिसर में तेंदुआ दिखने की सूचना मिली थी जिसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। स्कूल परिसर में पिंजरा भी लगा दिया गया है।-राजेश शर्मा, डीएफओ वन्यजीव विभाग