हिमाचल: लाहौल के हड़सर और कोकसर में हिमखंड गिरने से भारी नुकसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में दशकों बाद हुई रिकॉर्ड बर्फबारी के बाद अब हिमखंड तबाही मचाने लगे हैं। शनिवार की सुबह कोकसर में पंचायत घर हिमखंड की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया है।
इससे भवन के भीतर रखा सारा सामान खराब हो गया। उधर, लाहौल के तिंदी पंचायत में भी दो घर हिमखंड की चपेट में आने से पूरी तरह तबाह हो गए हैं। हालांकि, तिंदी में हिमखंड गिरने की घटना कुछ दिन पहले की है।
यहां पर लोग सर्दी के मौसम में गांव छोड़ सुरक्षित स्थानों पर रहने चले जाते हैं। अब हिमखंड से हुए नुकसान की सूचनाएं सामने आ रही हैं। शनिवार सुबह 10,600 फीट की ऊंचाई पर स्थित कोकसर की रामथंग पंचायत का भवन हिमखंड की चपेट में आ गया।
कोकसर बचाव चौकी के सदस्यों ने बताया कि हिमखंड गिरने से पंचायत भवन की दीवार गिर गई है।
हिमखंड की चपेट में आने से मकान दब गए
छत की सीलिंग टूटने से हाल के अंदर तक भारी मात्रा में बर्फ घुस गई है। भवन को बने तीन साल हुए हैं। भवन में 11 बिस्तरों का प्रबंध हैं, जहां स्थानीय लोगों के साथ समर सीजन में पर्यटकों को ठहराया जाता है।
22 सितंबर को भारी बर्फबारी के चलते पर्यटक सहित सैकड़ों लोग कोकसर में चार दिन तक फंसे गए थे। उन्हें भी इस भवन में निशुल्क ठहराया गया था। एसडीएम केलांग अमर नेगी ने बताया कि पंचायत भवन को भारी नुकसान हुआ है।
इसका आकलन किया जा रहा है। वहीं, लाहौल के तिंदी पंचायत के हड़सर गांव से मिली सूचना के मुताबिक पिछले दिनों हिमखंड की चपेट में आने से राम सिंह और कूल दास के मकान दब गए। इसकी सूचना टेलीफोन के माध्यम से सलग्रा निवासी राम नाथ ने दी है। बर्फ में दबने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।
युवा कांग्रेस नेता खुशाल ठाकुर ने इस बाबत उपमंडल अधिकारी उदयपुर सुभाष गौतम को अवगत करवाया है। एसडीएम सुभाष गौतम ने बताया कि हड़सर में हिमखंड गिरने की सूचना मिली है। प्रशासन जल्द राजस्व टीम को हड़सर रवाना कर प्रभावितों को मदद देगा।