हिमाचल में कोलडैम और गोबिंदसागर बनेंगे पर्यटन स्थल
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पर्यटक बिलासपुर और मंडी में भी ठहरें, इसके लिए सरकार काम कर रही है। बिलासपुर के कोलडैम और गोबिंदसागर में भी पर्यटन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
इनवेस्टर मीट पर उन्होंने कहा कि अभी हैदराबाद और बंगलूरू में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनवेस्टर मीट का मतलब राज्य में उद्योग स्थापित करना ही नहीं बल्कि प्रदेश में पर्यटन, साहसिक पर्यटन, बागवानी आदि क्षेत्रों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
इसी कड़ी में 25 फरवरी को कुछ कंपनियों के साथ एमओयू साइन किया जा रहा है। पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा से किसे टिकट दिया जाना है और किसे नहीं, यह तय करना पार्टी हाईकमान का काम है।
अवैध कब्जों का निकलेगा स्थायी समाधान
हमारा और पार्टी कार्यकर्ताओं का काम केंद्रीय नेतृत्व की ओर से चुनाव में उतारे गए उम्मीदवारों को जीत दिलाकर लोकसभा में भेजना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चारों सांसद बेहतर काम कर रहे हैं।
इसी का परिणाम है कि केंद्र से प्रदेश को बेहतर योजनाएं मिल रही हैं। बिलासपुर में भाखड़ा विस्थापितों द्वारा किए गए अवैध कब्जों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस मामले पर गंभीर हैं और सरकार कोई स्थायी समाधान तलाश रही है।
सरकार चाह रही है कि कोई ऐसी नीति बने, जिसका लाभ लोगों को मिले। इसके लिए सरकार वैधानिक रूप से सभी पक्षों पर काम कर रही है। गौर हो कि बिलासपुर शहर में करीब 345 कब्जों को हटाने के हाईकोर्ट ने आदेश दे रखे हैं।
अब नेताओं की जेब में नहीं जाता विकास का पैसा : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को जुखाला में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जो पैसा आता था वह नेताओं की जेब में जाता था। लेकिन अब जेब में कुछ नहीं आने वाला, जो आएगा वह विकास पर खर्च होगा।
सीएम ने कहा कि उनके एक साल के कार्यकाल में केंद्र से विभिन्न योजनाओं के लिए 10300 करोड़ का बजट आ चुका है। आज तक के इतिहास में किसी भी सरकार के कार्यकाल में इतना पैसा नहीं आया।