चार साल बाद पहुंचेंगे चार हिमाचलियों के पार्थिव अवशेष, मंत्री किशन कपूर हुए रवाना
इराक के मोसुल में आतंकी संगठन आईएसआईएस की ओर से मारे गए 39 भारतीयों में से 38 के पार्थिव अवशेष चार साल बाद वतन पहुंचेंगे। इसमें चार हिमाचली हैं। विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह विशेष विमान से पार्थिव अवशेष लेकर सोमवार दोपहर बाद पंजाब के अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।
कांगड़ा जिले के धमेटा के संदीप राणा (38), धर्मशाला के पास्सू के अमन कुमार (31), देहरा के कदरेटी के इंद्रजीत (32) और मंडी के सुदंरनगर के बायला निवासी हेमराज (32) के पार्थिव अवशेष लेने के लिए खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार और एसडीएम फतेहपुर अमृतसर रवाना हो गए हैं।
अमृतसर से सड़क मार्ग से चारों शवों को कांगड़ा लाया जाएगा। इसके बाद इन्हें पैतृक गांवों की ओर रवाना किया जाएगा। उपायुक्त कांगड़ा ने बताया कि परिजनों को पार्थिव अवशेष मंगलवार को ही सौंपे जाएंगे। उसी दिन उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि प्रदेश के चार युवक वर्ष 2013 में परिवार को गरीबी से उबारने के लिए इराक के मोसुल शहर गए थे।
सभी तारिक नूर अलहुदा कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे। वर्ष 2014 में आईएसआईएस आतंकियों ने 39 भारतीयों समेत इन चार युवकों के अपहरण के बाद हत्या कर दी थी। 20 मार्च 2018 को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में इनकी हत्या की जानकारी दी। पिछले 12 दिनों से पीडि़त परिवार अपने लाडलों के पार्थिव अवशेषों का इंतजार कर रहे थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कांगड़ा के तीन और मंडी के सुंदरनगर के पीडि़त परिवारों को जैसे ही अवशेष आने की सूचना मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। 2014 में अपहरण के बाद से परिजन अपने बेटों के सही सलामत घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें अवशेष ही मिलेंगे। चार साल की हेमराज की बेटी अनन्या ने तो अपने पिता का चेहरा तक नहीं देखा है।
हिमाचल सरकार देगी 4-4 लाख, नौकरी की भी उम्मीद
सूबे की जयराम सरकार ने मोसुल में मारे गए युवकों के परिवार को 4-4 लाख की मदद देने का एलान किया है। उधर, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मिलने गए पीडि़त परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया है।
कल मंडी पहुंचेंगे हेम सिंह के पार्थिव अवशेष
सुंदरनगर के बायला गांव के हेम सिंह के पार्थिव अवशेष मंगलवार सुबह तक घर लाए जाएंगे। पार्थिव अवशेष लेने के लिए जिला प्रशासन ने रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव को कांगड़ा के धर्मशाला जाने के लिए अधिकृत किया है। एसडीएम सुंदरनगर को अवशेष घर तक पहुंचाने की जिम्मेवारी दी गई है।
परिजनों को एसडीएम सुंदरनगर ने शव लाने की सूचना दी है। हालांकि, सोमवार शाम तक पार्थिव अवशेष पहुंच जाएंगे, लेकिन बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह ही इन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। मोसुल में मारे गए हेम सिंह के चाचा शमशेर सिंह का कहना है कि रविवार सुबह एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान ने फोन पर अवशेष घर तक पहुंचाने की सूचना दी है।
उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ बजे अमृतसर में हवाई जहाज के माध्यम से अवशेष पहुंचेंगे। इसके बाद इन्हें धर्मशाला लाया जाएगा। यहां से अवशेष रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव मंडी लाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तो परिजनों की आंखों से आंसू तक सूख चुके हैं।
अफसोस इस बात का है कि अभी तक यह तक पता नहीं चला है कि जालिमों ने हमारे बच्चे को मारा कैसे। न जाने क्या यातनाएं दी होंगी, भूख रखा होगा। एडीसी मंडी राघव शर्मा ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव को धर्मशाला से अवशेष लाने के लिए अधिकृत किया है। एसडीएम सुंदरनगर इन्हें घर तक पहुंचाएंगे।