Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष बोले- मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांग्रेस नेता को आठ घंटे बंधक बनाए रखा
नालागढ़ में हुई जनसभा में भाजपा नेता कांग्रेस पर जमकर बरसे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते कल ही पूरे प्रदेश ने देखा, जिसमें कांग्रेस के नेता ने आरोप लगाए कि उन्हें आठ घंटे बंधक बनाकर मुख्यमंत्री ने अपनी बातें मनवाने की कोशिश की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नालागढ़ में भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर ने गुरुवार को नामांकन पत्र दायर किया। उसके बाद नालागढ़ में जनसभा हुई, जिसमें भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह उपचुनाव मुख्यमंत्री की तानाशाही की वजह से हो रहा है। जिस तरीके की बर्बरता उन्होंने विधायकों के साथ की, उसकी वजह से केएल ठाकुर समेत अन्य विधायकों को इस्तीफा देना पड़ा। बीते कल ही पूरे प्रदेश ने देखा, जिसमें कांग्रेस के नेता ने आरोप लगाए कि उन्हें आठ घंटे बंधक बनाकर मुख्यमंत्री ने अपनी बातें मनवाने की कोशिश की। विपक्ष सरकार की इस तानाशाही के खिलाफ शुरू से ही आवाज उठा रहा है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में महिलाओं की लंबी-लंबी लाइनें कांग्रेस दफ्तर के बाहर लगी हैं। जहां वह एक-एक लाख रुपये की मांग कर रही हैं, पर वह पैसे उनके खाते में खटाखट नहीं आए। नालागढ़ की जनता भाजपा के साथ है, कांग्रेस ने केवल झूठे वायदे किए और एक भी पूरा नहीं किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि इस सरकार को नया पदनाम मिल चुका है। यह सरकार पति-पत्नी और मित्रों की सरकार है। जनता के लिए खजाना खाली है, जबकि कैबिनेट रैंक बांटने के लिए कैबिनेट फॉर सेल का बोर्ड लगाया है। सरकार के पास नालागढ़ को बिजली देने के लिए नहीं है। कहा कि चौपाल क्षेत्र में 11 बेटियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जो शर्मसार करने वाला है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट है।
खनन माफिया को कांग्रेस प्रत्याशी का संरक्षण : केएल
भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी के पास पैसा कहां से आता है, किसी को पता नहीं है। यहां के कांग्रेस प्रत्याशी बाहर से आते हैं, लोकल नहीं है और लगातार अनेकों स्थानों से पहले ही भागे हुए हैं। आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी खनन माफिया को संरक्षण देते हैं। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व संसद वीरेंद्र कश्यप, पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, लखविंद्र राणा समेत स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता समेत स्थानीय लोग उपस्थित रहे।