हिमाचल में कश्मीरियों की सुरक्षा को खुफिया एजेंसियां अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद कांगड़ा-चंबा में खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। कांगड़ा-चंबा में रह रहे कश्मीरी समुदाय के लोगों के साथ कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए पुलिस मुस्तैद है।
अभी पालमपुर को छोड़ जिले में कहीं भी कश्मीरियों से मारपीट की घटना सामने नहीं आई है। यहां रह रहे कश्मीरी लोगों पर भी खुफिया एजेंसियों की विशेष नजर है। इसके अलावा कश्मीरियों की सुरक्षा पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी जिले के थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।
उन्हें कश्मीरियों के साथ मारपीट की घटना होने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। कांगड़ा के साथ चंबा जिले में भी खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
दो दिन में मैकलोडगंज छोड़ें कश्मीरी
सोमवार को पर्यटन नगरी मैकलोडगंज में स्थानीय युवकों ने रैली निकालकर पुलवामा में हुए हमले पर रोष जताया। उन्होंने कश्मीरी लोगों को चेतावनी दी कि वे दो दिन में मैकलोडगंज से चले जाएं, अन्यथा वे परिणाम भुगतने को तैयार रहें।
कश्मीरी होटल व्यवसायियों ने हमले को ठहराया गलत
पर्यटन नगरी मैकलोडगंज में होटल व्यवसाय, दुकानदारी और मजदूरी करने वाले कश्मीरियों ने पुलवामा में हुए आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के हमलों से पूरी दुनिया में कश्मीरियों की छवि खराब हुई है।
वे शहीदों के परिवार के साथ हैं। उन्होंने मैकलोडगंज और धर्मशाला के स्थानीय लोगों की सराहना की और कहा कि वे उनकी हरसंभव मदद कर रहे हैं। उन्होंने मैकलोडगंज में कश्मीरियों के खिलाफ फैलाई गई अफवाहों की भी निंदा की।
पंचायतों में कश्मीरियों का प्रवेश किया निशेष
कांगड़ा की कई पंचायतों में कश्मीरी लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। सबसे पहले पठियार पंचायत ने ये निर्णय लिया था। इसके बाद थुरल तहसील की डुहक पंचायत में भी कश्मीरियों की एंट्री पर रोक लगाई। अब भड़ियाडा पंचायत ने प्रस्ताव पास कर किसी भी कश्मीरी को पंचायत में प्रवेश न करने की नसीहत दी है। उन्होंने पंचायत में कश्मीरियों को ठहराने पर 500 रुपये जुर्माना वसूलने की भी बात कही।
प्रदेश में रह रहे सभी कश्मीरी संदिग्ध नहीं : बिक्रम
पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद खुफिया एजेंसियों को अलर्ट रहने को कहा है। सभी थाना प्रभारियों को कश्मीरियों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। कांगड़ा-चंबा में कश्मीरी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। - डॉ. अतुल फुलझेले, आईजी नॉर्थ जोन
उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने देहरा के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में रहकर देश का नमक खाकर जो गद्दारी करे, ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर दुख जताते हुए बिक्रम ठाकुर ने कहा कि पूरा देश और प्रदेश आतंकी घटना से चिंतित है। मंत्री ने कहा कि जो हमारे देश के ही हैं और देश के खिलाफ बोल रहे हैं, सबसे पहले उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदेश में रह रहे सभी कश्मीरी संदिग्ध नहीं हैं। पुलिस और प्रशासन मुस्तैदी से अपना काम कर रहा है। सभी के आईडी कार्ड जांचे जा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी हम मुस्तैद हैं।