सरकार कामगारों के हितों के लिए गंभीर : विक्रम सिंह
उद्योग मंत्री ने शिमला में राज्य बीमा निगम की बैठक की अध्यक्षता की। उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री विक्रम सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय कर्मचारी राज्य बीमा निगम की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सरकार कामगारों से जुड़े मुद्दों के प्रति गंभीर है।
कामगारों को बेहतर सुविधाएं व वातावरण उपलब्ध हो, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। तीन माह के कार्यकाल में ही कर्मचारी राज्य बीमा निगम की बैठक आयोजित की गई, जबकि पिछले तीन वर्षों से यह बैठक नहीं हुई थी।
मंत्री ने अधिकारियों को कामगारों और कर्मचारियों के हित में प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार को भेजने के निर्देश दिए। कहा कि सरकार ऊना के गगरेट में ईएसआई अस्पताल के लिए वचनबद्ध है। केंद्र से मामला उठाया है।
ईएसआई अस्पताल से 15000 से अधिक कामगार लाभान्वित होंगे।
100 करोड़ से बनने वाले इस ईएसआई अस्पताल से क्षेत्र के 15000 से अधिक कामगार व उनके आश्रित लाभान्वित होंगे। उन्होंने अधिक से अधिक कामगारों को ईएसआई योजना में शामिल करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित बनाएं कि सभी उद्यमी उनके पास काम कर रहे कामगारों के पहचान कार्ड बनाएं। जो उद्यमी कामगारों के पहचान पत्र नहीं बनाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
उद्योग मंत्री ने श्रम संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे कामगार हितों से संबंधित मामले विशेषकर कामगारों के पहचान पत्र बनाने में अपना सहयोग दें।
उन्होंने ईएसआई के अधिकारियों को कामगारों की सुविधा के चिकित्सा सुविधा से सुसज्जित मोबाइल वैन चलाने की संभावनाएं तलाशने और क्षेत्रीय कर्मचारी राज्य बीमा निगम की बैठक नियमित तौर पर आयोजित करने के भी निर्देश दिए।