IND VS WI: आज धर्मशाला पहुंचेंगी दोनों टीमें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 17 अक्तूबर को होने वाले एक दिवसीय मैच के लिए भारत-वेस्टइंडीज की टीमों के खिलाड़ी वीरवार को धर्मशाला पहुंच जाएंगे। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे कप्तान महेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम इंडिया गगल एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। भारतीय टीम स्पाइस जेट के विमान से आएगी।
इसके बाद कप्तान ड्वेन ब्रावो की अगुवाई में वेस्टइंडीज की टीम दोपहर बाद करीब ढाई बजे एयर इंडिया के चार्टर्ड विमान से गगल एयरपोर्ट पहुंचेगी। दोनों क्रिकेट टीमों को कड़ी सुरक्षा के बीच एसी बस में द पवेलियन होटल पहुंचाया जाएगा। दोनों टीमों को वाया सकोह बस से होटल तक पहुंचाया जाएगा। इससे पहले एचपीसीए गगल एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का हिमाचली रीति-रिवाज से स्वागत करेगी।
कड़े पुलिस घेरे में रहेंगी दोनों टीमें
हर टीम की सुरक्षा का जिम्मा एक एएसपी रैंक के अधिकारी सहित 80 पुलिस जवानों के पास रहेगा। दोनों टीमों की सुरक्षा को दो एएसपी रैंक के अधिकार तैनात रहेंगे। स्टेडियम के बाहर भी सुरक्षा घेरा बनाया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। स्टेडियम के अंदर और बाहर 3500 पुलिस कर्मचारी सेवाएं देंगे।
स्टेडियम के बाहर 100 पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। द पवेलियन होटल में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सुरक्षा को दो एएसपी रैंक के अधिकारी और 160 पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। एयरपोर्ट गगल से ही पुलिस कर्मी खिलाड़ियों को सुरक्षा घेरे लेंगे। एएसपी डा. शिव कुमार ने बताया कि खिलाड़ी कड़ी सुरक्षा के बीच होटल तक पहुंचाए जाएंगे।
पुलिस मैदान धर्मशाला में ब्रीफिंग
पुलिस मैदान धर्मशाला में पुलिस ब्रीफिंग हुई। पुलिस कर्मचारियों की तैनाती को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी कांगड़ा बलवीर ठाकुर ने पुलिस कर्मियों को वन डे मैच के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया और उन्हें ड्यूटी स्थल पर रवाना किया। आईजी नार्दन रेंज राकेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
वन डे मैच को लेकर एसपी कार्यालय में बैठक हुई। एसपी बलवीर ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसमें वन डे मैच को लेकर चर्चा की गई। खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी मंथन किया गया। बैठक में एएसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस ब्रीफिंग को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई है।
17 अक्तूबर को धर्मशाला में उमड़ेंगे बादल
धर्मशाला में होने वाले एक दिवसीय मैच के दिन 17 अक्तूबर को दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन ने धर्मशाला के मौसम का पूर्वानुमान बताते हुए इस बात की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने कहा कि 17 अक्तूबर को बारिश के कोई आसार नहीं है।
बल्लेबाज, गेंदबाज दोनों के लिए फायदेमंद होगी पिच
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान धर्मशाला की पिच बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों के लिए बेहतरीन होगी। एचपीसीए के चीफ पिच क्यूरेटर सुनील चौहान ने कहा कि 17 अक्तूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के मैच में धर्मशाला की पिच दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद साबित होगी। मैच के दौरान पूरे 100 ओवर में गेंद एक जैसी बाउंस होगी। धर्मशाला की पिच दुनिया की सबसे तेज पिचों में शुमार है। एचपीसीए पिच को और बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है।
अंपायर विनित कुलकर्णी, मैनन और अनिल पहुंचे
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 17 अक्तूबर को भारत-वेस्टइंडीज के बीच होने वाले एक दिवसीय मैच को लेकर अंपायर विनीत कुलकर्णी, नितिन मैनन और अनिल चौधरी पहुंच गए हैं। बुधवार को इन तीनों अंपायरों ने सायं के समय मैदान का भ्रमण किया। बीसीसीआई चीफ पिच क्यूरेटर नॉर्थ जोन दलजीत सिंह भी धर्मशाला पहुंच गए हैं।
भारत-वेस्टइंडीज एक दिवसीय मैचों की शृंखला के चौथे मैच को लेकर ऑफिशियल की घोषणा के बाद ही इन्होंने धर्मशाला का रुख कर लिया। बुधवार को ऑफिशियल कमेंटेटर माइकल होल्डिंग, लक्ष्मण शिवरामकृष्णनन और वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी इयान बिशप भी धर्मशाला पहुंच गए हैं।
वन डे मैच के लिए सुनील गावस्कर, वीवीएस लक्ष्मण, वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी लोरी ऐन होल्डिंग, पूर्व इंग्लिश काउंटी क्रिकेटर एलन विलकिन्स भी कमेंटेटर के तौर पर आएंगे। बीसीसीआई की ओर से की गई घोषणा की जानकारी एचपीसीए के प्रेस सचिव मोहित सूद ने दी है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर संदीप पाटिल, राजिंद्र सिंह हंस, सबा करीम, विक्रम राठौर को बतौर चयनकर्ता के रूप में तैनात किया गया है।