कर्मचारियों को मिल सकता है ओवर टाइम, डीए किस्त
एचआरटीसी के कर्मचारियों को डीए की किस्त और ओवर टाइम की राशि का भुगतान हो सकता है। प्रदेश सरकार ने बुधवार को एचआरटीसी की निदेशक मंडल की बैठक बुलाई है।
सरकार के सात महीने के कार्यकाल में यह पहली बैठक होने जा रही है। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। एचआरटीसी से मिली जानकारी के मुताबिक निगम में प्रशिक्षु
कंडक्टरों के लिए पॉलिसी, हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के सर्विस को बहाल किया जाना, आईआर, पेंशनरों को ग्रेच्युटी के अलावा बसों की खरीदारी समेत 50 आइटम एजेंडे में शामिल हैं।
परिवहन निगम में करीब 12 हजार कर्मचारी
परिवहन निगम में करीब 12 हजार कर्मचारी हैं जिन्हें वित्तीय लाभों से वंचित रखा गया है। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया है कि कर्मचारी की जो भी मांगे होगी, उन्हें पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
एचआरटीसी सर्व कर्मचारी यूनियन के महासचिव खेमेंद्र गुप्ता ने बताया कि एचआरटीसी कर्मचारियों के लंबे समय से चिकित्सा बिलों के भुगतान न नहीं हो रहे हैं।
अनुबंध पर तैनात चालक परिचालकों को भी विभाग की अपेक्षा कम राशि दी जा रही है। इसके अलावा पेंशनर को लीव इन कैशमेंट समेत अन्य मांगों को प्रस्ताव सरकार को सौंपा गया है।