नामी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने को छात्रवृत्ति देगी सरकार
देश के नामी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों को विशेष छात्रवृत्ति दी जाएगी। 26 जुलाई को प्रदेश में सबल भारत छात्रवृत्ति योजना लांच होगी। इसे शुरू करते ही हिमाचल देश का 15वां राज्य बन जाएगा।
सबल छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेकर विद्यार्थी देश के किसी भी नामी शिक्षण संस्थान में प्रवेश पा सकेंगे। यह छात्रवृत्ति न केवल उच्च शिक्षा, बल्कि प्रतियोगी परीक्षा और खेल प्रशिक्षण के लिए भी मिलेगी।
हिमाचल में सबल भारत योजना की मॉनीटरिंग का जिम्मा प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग एंड न्यू इनेशेटिव कमेटी को दिया गया है। केंद्र सरकार के सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय योजना के लिए बजट मुहैया करवाएगा। योजना के तहत मौजूदा वित्तीय वर्ष में 15 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा देनी होगी
प्रारंभिक स्तर से उच्च शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा के लिए योजना के तहत छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजन का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा देनी होगी।
अंकों की मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। 27 जुलाई से हिमाचल में परीक्षा में भाग लेने के लिए वेबसाइट sabalbharat.in पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा।
परीक्षा के लिए किसी भी डिग्री या कोर्स में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए कोई भी न्यूनतम आयु की सीमा नहीं रखी गई है। अधिकतम आयु 45 वर्ष रखी गई है।