Himachal Weather Today: हिमाचल में बारिश से तबाही, भूस्खलन से शिमला-धर्मशाला हाईवे समेत 452 सड़कें बंद
Himachal Pradesh Rain Weather Update: हिमाचल में बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है। राजधानी शिमला में कई जगह भूस्खलन होने से हाईवे बंद हो गए हैं। बिलासपुर में भी नेशनल हाईवे बंद हो गया है। भारी बारिश से मंडी जिले के धर्मपुर और सरकाघाट का अन्य जिला से संपर्क कट गया है।
विस्तार
इसके बाद सुबह 9:00 बजे फिर से पहाड़ी दरक गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। फोरलेन निर्माता कंपनी की ओर से 11:45 पर मलबा हटाकर कुछ वाहनों को निकलना शुरू ही किया था कि 12:10 पर और अधिक मलबा आने से सड़क बंद हो गई। अभी भी फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी की ओर से सड़क को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। हाईवे पर सेब और अन्य नकदी फसलें लेकर मंडियों में जा रहे सैकड़ों ट्रक खड़े हुए हैं। इसी के साथ बसें व अन्य वाहन भी फंसे हुए हैं।
इसके अलावा शिमला शहर का सर्कुलर रोड और कई सड़कें पेड़ गिरने एवं भूस्खलन से बंद हो गई हैं। बिलासपुर में दगसेच के पास पहाड़ी धंसने से शिमला-धर्मशाला हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया। शिमला से आने वाले वाहनों को नवगांव से बैरी वाली सड़क से सफर करना होगा। पहाड़ी धंसने से दो मकान भी जमींदोज हो गए हैं। सड़क समेत तीन-चार वाहन मलबे में दब गए हैं।
शिमला शहर में सड़कों की स्थिति
शिमला में संस्कृत कॉलेज के पास सड़क धंस गई है। इसकी वजह से फागली नाभा रोड यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। नेशनल हाईवे घणाहट्टी के पास भूस्खलन व ढांडा के पास पेड़ गिरने से बाधित है। छोटे वाहन हीरानगर,जतोग होकर शिमला भेजा गया। संजौली में भी पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई। वहीं, भूस्खलन के कारण कैपिटल होटल से कैथू अनाडेल तक का सड़क बंद हो गई। जाखू में आरसीसी कंप्यूटर के पास भी भूस्खलन हुआ है। शिमला के टूटीकंडी में निजी बस पर पेड़ गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है। ब्यूलिया रोड के पास शोघी मेहली बाईपास भूस्खलन के कारण दोनों ओर से बंद हो गया है।
शिमला का सर्कुलर रोड ठप
हिमलैंड होटल के पास भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह से बंद कर दी गई है। इससे बहुमंजिला भवन को भी खतरा पैदा हो गया है। बसों को टॉलैंड से वापस भेजा जा रहा है। भूस्खलन के चलते खलीनी से टुटीकंडी मार्ग भी बंद हो गया। हाईकोर्ट गेस्ट हाउस के पास पुलिस लाइन कैंथू रोड बंद हो गया है। शहर के विकासनगर में भवन पर देवदार का पेड़ गिर गया है।
कहां कितनी बारिश( मिलीमीटर में)
सुंदरनगर 166.1
सुजानपुर टिहरा 145.5
गोहर 125.0
काहू 124.2
मंडी 115.8
धर्मशाला 87.3
बरठीं एग्रो 83.5
बरठीं 80.2
बदद्वाड़ा 79.2
नादौन 74.0
पालमपुर 67.0
करसोग 65.4
पंडोह 64.0
बिलासपुर सदर 60.8
कंडाघाट 58.0
मशोबरा 55.0
कटौला 54.3
कसौली 52.5
शिमला 50.9
धर्मशाला 46.0
नदी, नाले उफान पर, भाखड़ा बांध से छोड़ा 8,000 क्यूसिक पानी
हिमाचल में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। भाखड़ा बांध के चारों गेट रविवार सुबह खोलने पड़े। करीब 8,000 क्यूसिक पानी छोड़ा गया। पंडोह डैम के गेट भी बार-बार खोलने पड़ रहे हैं। बांध का पानी खतरे के निशान से मात्र सात फीट नीचे रह गया है।