हिमाचल में पूरा सप्ताह मौसम खराब, दो दिन अंधड़-ओलावृष्टि की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कई क्षेत्रों में मतदान के दिन बारिश और अंधड़ के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 मई तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। मंगलवार और बुधवार को हल्की बारिश होने की संभावना है।
16 और 17 मई को अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम में संभावित इस बदलाव के चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाना चुनौती भरा काम होगा। राजनीतिक दलों की भी मौसम के बदलते मिजाज ने परेशानियां बढ़ा दी हैं।
19 मई रविवार को लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के तहत हिमाचल में मतदान होगा। इस दिन मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और अंधड़ की संभावना है। सूबे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते दिनों ही बर्फबारी हुई है।
इन क्षेत्रों में आजकल आवागमन मुश्किल भरा है। आने वाले दिनों में अगर और बर्फबारी होती है तो चुनाव आयोग के लिए इन क्षेत्रों में मतदान करवाना आसान नहीं रहने वाला है। उधर, सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की कमी दर्ज हुई।
ऊना में अधिकतम तापमान 39.4, बिलासपुर 36.0, कांगड़ा 34.9, सुंदरनगर 35.0, हमीरपुर 35.1, नाहन 33.0, चंबा 33.2, धर्मशाला 30.4, भुंतर 31.8, सोलन 29.2, शिमला 23.6, डलहौजी 20.1, कल्पा 19.9 और केलांग में 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।