Himachal Weather: हिमाचल में आज से एक सप्ताह तक झमाझम बरसेंगे बादल, दो दिन के लिए रेड अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में दो दिन अत्याधिक भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट है। माैसम विभाग की ओर से पर्यटकों, स्थानीय लोगों के लिए भी एडवाइजरी जारी की गई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में आज से सात दिन तक लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान है। राज्य के कई हिस्सों में दो दिन अत्याधिक भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि तीन दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने यह जानकारी दी है। लोगों को पूरी तरह सतर्क रहने के लिए कहा गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने चेतावनी की अवधि के दौरान सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। विभाग किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र को नियमित रूप से स्थिति की रिपोर्ट सौंपेंगे। मौसम की स्थिति जिला प्रशासन से सलाह-मशविरा करके शिक्षण संस्थानों पर फैसला लिया जाएगा। एचआरटीसी और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों को सलाह दी गई है कि भारी बारिश के दौरान जोखिम वाले रास्तों पर जाने से बचें। दूर-दराज और संवेदनशील इलाकों में जरूरी चीजों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें।
चंबा में भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा ध्वस्त
वहीं चंबा में शनिवार सुबह भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इस दाैरान एक वाहन भी इस भूस्खलन की चपेट में आ गया और मलबे के बीच फंस गया। भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
किस-किस जिले के लिए रेड-ऑरेंज अलर्ट
18 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी, जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 19 जुलाई को कांगड़ा, शिमला और मंडी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, सिरमौर सहित ऊना, बिलासपुर और सोलन में येलो अलर्ट है। 20 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में कुछ जगहों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का रेड अलर्ट है। जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और कुल्लू में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के लिए येलो अलर्ट है। 21 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में कुछ जगहों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट है। हमीरपुर, शिमला और सोलन के लिए ऑरेंज, जबकि ऊना, बिलासपुर किन्नौर और लाहौल-स्पीति में येलो अलर्ट है। 22 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। वहीं चंबा, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन के लिए येलो अलर्ट है।
24 जुलाई तक बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में आज आधी रात से 23 जुलाई तक मानसून के सक्रिय रहने की बहुत अधिक संभावना है। 20 और 21 जुलाई को मध्य और उनसे सटी निचले पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी हुआ है। 19, 22 और 23 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट है। 18 व 24 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 19 से 24 जुलाई तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।

पर्यटकों, स्थानीय लोगों के लिए ये सलाह
- भूस्खलन/धंसने/अचानक बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में जाने से बचें।
- जोखिम वाले इलाकों और ऐसी जगहों पर जाने से बचें जहां अक्सर जलभराव की समस्या होती है।
- सभी जल निकायों (नदियों,धाराओं,छोटी नदियों/नालों) से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- ट्रेकिंग से बचें।
- घर से बाहर की गतिविधियों को सीमित करें।
- जोखिम वाली संरचनाओं (कमजोर इमारतों आदि) से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- गति सीमा और ट्रैफ़िक से जुड़ी सलाहों का पालन करें।
- मौसम की चेतावनियों/सलाहों के बारे में जानकारी रखें।
- राज्य सरकार के अधिकारियों द्वारा जारी ट्रैफिक से जुड़ी सलाहों का पालन करें।