Himachal Weather: ऊना में पुल टूटा, रामपुर के तकलेच में बादल फटने से सड़क बही, पांच पंचायतों का कटा संपर्क
शिमला के रामपुर उपमंडल के डमराली क्षेत्र में शुक्रवार रात को बादल फटने से तकलेच-मझाली और रोहड़ू मार्ग पर यातायात ठप हो गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। शिमला के रामपुर उपमंडल के डमराली क्षेत्र में शुक्रवार रात को बादल फटने से तकलेच-मझाली और रोहड़ू मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। यहां करीब 30 मीटर सड़क कलवर्ट सहित बह गई है। इससे क्षेत्र की पांच पंचायतों का संपर्क कट गया। यहां सीजन शुरू होने से सेब से लदी दर्जनों गाड़ियां फंस गई हैं। उधर, शुक्रवार एवं शनिवार तड़के तक हुई भारी बारिश से आए पानी के उफान ने संतोषगढ़-ऊना मार्ग स्थित 40 साल पुराने रामपुर पुल की नींव हिला दी। तेज उफान के बीच 120 मीटर लंबे पुल के पिलर नंबर सात, स्लैब, प्रोटेक्शन वाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
शुक्रवार रात भारी बारिश के बीच धुंधी के समीप भूस्खलन के चलते मनाली-लेह मार्ग कई घंटों तक बंद रहा। इस बीच वाहनों को सोलंगनाला में रोक दिया गया। हालांकि सूचना मिलने के बाद सीमा सड़क संगठन की मशीनरी मौके पर मार्ग को बहाल करने में जुट गई। बंजार के जिभी के तुन गांव में बारिश से दो मंजिला मकान के दो कमरे ढह गए हैं। जिभी वाटरफॉल नाले में बाढ़ से जिभी-गाड़ागुशैणी सड़क बंद हो गई है। यहां करीब 30 वाहन फंसे हुए हैं।
1 से 17 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 10 फीसदी अधिक बादल बरसे हैं। हालांकि मानसून सीजन में अभी भी 22 फीसदी की कमी चल रही है। राजधानी शिमला में शनिवार सुबह धूप खिली। दोपहर बाद शहर में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
अधिकतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
बिलासपुर 34.5
ऊना 32.6
चंबा 32.1
हमीरपुर 32.0
मंडी 31.9
कांगड़ा 31.7
नाहन 29.0
धर्मशाला 28.8
सोलन 28.5
मनाली 27.6
शिमला 23.0
पालमपुर में पुलिया धंसने से संपर्क मार्ग बंद
उपमंडल पालमपुर में नई सब्जी मंडी के समीप पुलिया के धंसने से मार्ग बंद हो गया है। लोग पालमपुर- बैजनाथ के बीच आवाजाही के लिए अब वाया राजपुर व कालू दी हट्टी संपर्क मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन संपर्क मार्ग पर जाम के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी तरह उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरानी के वार्ड नंबर पांच में निर्मल सिंह पुत्र प्यार सिंह के घर का बरामद भी क्षतिग्रस्त हो गया है। शुक्रवार रातभर मूसलाधार बारिश के कारण कई जगह नुकसान हुआ है।
26 घंटे के बाद एनएच पांच निगुलसरी हुआ बहाल
किन्नौर जिले के निगुलसरी में पिछले 26 घंटे से बंद एनएच को नेशनल हाईवे प्रधिकरण ने कड़ी मशक्कत के बाद 16 घंटे में बहाल कर जिले के लोगों केा राहत पहुंचाई है। एनएच बहाल होने से जिले के किसानों, बागवानों और देश-विदेश के पर्यटकों ने राहत की सांस ली। पिछले 26 घंटे से एनएच निगुलसरी सेक्टर-26 के समीप पूरी तरह से धंस गया था। शनिवार सुबह 4:00 बजे से एनएच बहाल करने का कार्य युद्धस्तर शुरू किया गया।

नयना देवी में 108.2 मिलीमीटर बारिश
शुक्रवार रात को नयना देवी में 108.2, हमीरपुर 76.0, पालमपुर 68.0, ऊना 67.2, गोहर 65.0, बग्गी 48.8, बिलासपुर 40.8, धर्मशाला 40.2, मालरांव 40.0, सुंदरनगर 10.0, नाहन 18.6, मनाली 18.0, जुब्बड़हट्टी 35.0, भरमौर 12.0, बरठीं 19.6, पांवटा साहिब 20.8, सराहन 32.0, शिमला 8.9 व देहरा गोपीपुर में 34.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कई भागों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, पांच जिलों में बाढ़ का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज से एक 23 अगस्त तक कुछ भागों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय लोगों को पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। राजधानी शिमला में दोपहर को झमाझम बारिश हुई। शिमला में न्यूनतम तापमान 16.9, सुंदरनगर 21.4, कल्पा 12.5, धर्मशाला 18.5, ऊना 21.2, नाहन 24.7, सोलन 21.5, मनाली 16.9, कांगड़ा 21.3, मंडी 22.6, बिलासपुर 23.1, हमीरपुर 22.8, चंबा 23.4, रिकांगपिओ 16.2, कसौली 19.2, पांवटा साहिब 26.0 व मशोबरा में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिले के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बाढ़ का खतरा होने की संभावना है।
