धर्मशाला में शीत सत्र आज से, महंगाई व गुड़िया कांड पर गूंजेगा सदन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जयराम सरकार के सत्तासीन होने के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा का तीसरा शीत सत्र सोमवार को धर्मशाला के तपोवन में दोपहर दो बजे से शुरू होगा। छह दिन चलने वाले सत्र के पहले दिन की शुरुआत पूर्व विधानसभा सदस्य जय कृष्ण शर्मा, बिक्रम सिंह कटोच और राम रतन पटाकू के निधन पर शोकोद्गार से होगी। इसके बाद स्थगित और सोमवार के लिए निर्धारित तारांकित व अतारांकित प्रश्नों पर सरकार सदस्यों को जवाब देगी।
मुख्यमंत्री व अन्य मंत्री जरूरी दस्तावेज सभा पटल पर रखेंगे। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह एक अध्यादेश भी सदन में पेश करेंगे। तीन विधायक विभिन्न नियमों के तहत कुछ विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। हालांकि कई ऐसे मुद्दे हैं, जिनपर पहला दिन गर्मा सकता है। प्याज के दामों पर सत्र से एक दिन पहले नियंत्रण, महंगाई, गुड़िया दुष्कर्म व हत्याकांड, तपोवन सड़क, शिक्षा स्वास्थ्य और इन्वेस्टर्स मीट पर विपक्ष सरकार को घेर सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के गुड़िया मामले में आए बयान के बाद विपक्ष के लिए यह बड़ा मुद्दा होगा।
ऐसा इसलिए भी है क्योंकि शांता के अलावा हाल ही में प्रदेश सरकार ने खुद भी सूरज हत्याकांड के आरोपी अधिकारियों को बहाल कर नियुक्ति प्रदान कर दी है। विपक्ष इस बात पर सरकार को घेर सकता है कि वह विपक्ष में रहने के दौरान जिस मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में जुटी थी, वही पार्टी अब आरोपी अफसरों को बहाल कर नियुक्ति दे रही है। सत्र में शामिल होने के लिए सरकार, सत्ता पक्ष और विपक्ष रविवार को धर्मशाला पहुंच गए। 14 दिसंबर तक चलने वाले सत्र मेें 12 दिसंबर को गैर सरकारी सदस्य दिवस होगा।
इन सवालों पर भी हो सकता है हंगामा
प्रश्नकाल में पहला सवाल ही कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू का होगा, जिसमें गैर सरकारी संस्थाओं को भूमि आवंटित करने का ब्योरा मांगा है। सूत्रों के अनुसार इस प्रश्न के बहाने सरकार पर विपक्ष हिमाचल को बेचने का आरोप लगाकर घेरने का प्रयास कर सकता है। इसके बाद भी प्रशासनिक ट्रिब्यूनल, आपदा से हुए नुकसान पर मुआवजा वितरण, निवेश जैसे कई मुद्दों पर टकराव हो सकता है।
छह बैठकों में 434 प्रश्न पूछेंगे सभी विधायक
पेयजल आपूर्ति, परिवहन, सहित विभिन्न विभागों के रिक्त पदों को लेकर भी पक्ष-विपक्ष में तीखी नोक-झोंक होगी। शीत सत्र में छह बैठकों में कुल 434 तारांकित व अतारांकित प्रश्न पूछे जाएंगे। विधायकों ने 270 तारांकित और 128 अतारांकित प्रश्नों के जवाब मांगे हैं।
36 स्थगित प्रश्नों में 25 तारांकित और 11 अतारांकित प्रश्न हैं। विधानसभा के नियम-62 के तहत छह और नियम-130 के तहत 13 और नियम-101 के तहत पांच, नियम-134 के तहत तीन सूचनाएं प्राप्त हुईं। धर्मशाला व पच्छाद उपचुनाव में जीतकर विधायक बने विशाल नैहरिया और रीना कश्यप का पहला विधानसभा सत्र होगा।
सत्र के संचालन के लिए पक्ष और विपक्ष से रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया है। सत्र से पूर्व सोमवार को संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के साथ बैठक की जाएगी। - डॉ. राजीव बिंदल, विधानसभा अध्यक्ष