सकोह वाहिनी से 299 पुलिस आरक्षी पास आउट, डीजीपी रहे मुख्यातिथि
द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी सकोह में 19वां दीक्षांत समारोह हुआ। 299 आरक्षी पासआउट परेड में शामिल हुए। इनमें 187 महिला आरक्षी, 112 पूर्व सैनिक तथा पुरुष आरक्षी प्रशिक्षणार्थियों ने शपथ ग्रहण की। पुलिस महानिदेशक सीताराम मरडी मुख्यातिथि थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस की छवि पूरे देश में सबसे बेहतर है। यहां की पुलिस का अनुशासन सेना के लगभग बराबर है।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल के काम से उन्हें लेडी सिंघम के नाम से भी पुकारा जाने लगा है। कानून को सख्ती से लागू करना हमारा दायित्व है। हिमाचल में पुलिस स्टाफ को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पासआउट हुए पुलिस प्रशिक्षु किसी सिफारिश से नहीं, बल्कि अपने दम पर यहां पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षियों की जरूरत पुलिस में महसूस की जा रही थी। बिना महिला आरक्षियों के महिलाओं संबंधी मामलों के निपटारे में दिक्कतें न आएं, इसके लिए महिला आरक्षी फील्ड में रहें। समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए महिला आरक्षियों को इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर (आईओ) की भी पावर दी गई है।
इस मौके पर आईजी नॉर्थ जोन अतुल फुलझेले, डीआईजी संतोष पटियाल, रमेश झाजटा, अरुल कुमार, बिमल गुप्ता, एसआर राणा, सौम्या सांबशिवन, दिनेश कुमार और बद्री सिंह आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बिना हथियार बचाव का प्रदर्शन
समारोह में पास आउट महिला आरक्षी ने बिना हथियार से बचाव का प्रदर्शन किया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहाड़ी नाटियों पर समूह नृत्य भी प्रस्तुति किया गया। सामूहिक पीटी का प्रदर्शन और बैंड प्रदर्शन पुरुष जवानों ने किया।