Himachal Nikay Chunav: मतदान के लिए युवाओं से लेकर बुजुर्गों में उत्साह, 107 वर्षीय प्यार सिंह भी डाला वोट
चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के लिए हुए मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में रविवार को चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के लिए हुए मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया। सुबह 7:00 से दोपहर 3: बजे तक प्रदेश के चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के लिए 589 मतदान केंद्रों पर मतदान चला। मतदाताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करना हर नागरिक का कर्तव्य है और उन्होंने अपना फर्ज निभाया है। मतदान में लोकतंत्र की बेहद भावुक और प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। युवा मतदाताओं के उत्साह के बीच सौ वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों ने अपने हौसले से सबका ध्यान खींच लिया। कई बुजुर्ग लाठी के सहारे तो कई व्हीलचेयर और परिजनों की मदद से मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सिर्फ बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि दिव्यांग, दृष्टिबाधित और चलने-फिरने में असमर्थ मतदाताओं ने भी मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। मतदान केंद्रों पर पहुंचे इन मतदाताओं का जज्बा देखकर पोलिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मी भी भावुक नजर आए।
नगर परिषद चंबा के तहत हटनाला वार्ड के 107 वर्षीय प्यार सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उनके परिजन भी साथ रहे। प्यार सिंह ने हटनाला वार्ड के पोलिंग बूथ पुराना कॉलेज में मत डाला। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए। वहीं, नगर परिषद घुमारवीं के कल्याणा वार्ड में 104 वर्षीय फुलमू देवी ने भी मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था दिखाई। परिजनों के सहयोग से मतदान केंद्र पहुंचीं फुलमू का अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया और उनके जज्बे की सराहना की।
चंबा में 107 साल के प्यार सिंह व चिड़गांव में 100 वर्षीय कौल दासी ने भी किया मतदान
मतदान के बाद उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने वोट का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। प्रशासन ने भी उनके मतदान को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। चिड़गांव नगर पंचायत के तहत 100 वर्ष से अधिक आयु की कौल दासी भी मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचीं। उन्हें परिजन मतदान केंद्र तक लेकर आए। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह देखकर लोगों ने उनका हौसला बढ़ाया और लोकतंत्र के इस पर्व में उनकी भागीदारी को प्रेरणादायक बताया।
वोट डालने जा रहे बुजुर्ग की हृदय गति रुकने से मौत
वहीं चंबा में चोंतडा वार्ड जनसाली में 75 वर्षीय बुजुर्ग अंजन शर्मा की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। बुजुर्ग नगर परिषद चुनाव के लिए जनसाली मतदान केंद्र में वोट डालने जा रहा था। जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि दुखद घटना हुई है।
प्रशासन ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए नहीं दी सुविधा, खुद मतदान केंद्र पहुंचे
चुनाव आयोग व प्रशासन की ओर से दिव्यांग मतदाताओं के लिए कोई सुविधा नहीं की गई। ऐसे में उन्हें खुद मतदान केंद्र तक वोट डालने पहुंचना पड़ा। सोलन में दिव्यांग मतदाता व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे।
मंडी में विधायक अनिल शर्मा, डीसी अपूर्व देवगन सहित अन्य ने किया मतदान
मंडी एमसी चुनाव के लिए सदर विधायक अनिल शर्मा सहित उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन व अन्यों ने मतदान किया। मतदान के बाद विधायक अनिल शर्मा ने बूथों पर जायजा लिया। लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता निभाते हुए उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने खलियार वार्ड में अपने परिवार सहित मतदान किया। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
ईवीएम खराब, समखेतर में 40 मिनट देरी से शुरू हुआ मतदान
नगर निगम मंडी चुनाव के तहत समखेतर वार्ड नंबर 11 के बूथ नंबर 3 में ईवीएम खराब होने से मतदान करीब 40 मिनट देर से शुरू हुआ। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होना था, लेकिन ईवीएम में खराबी के कारण प्रक्रिया 7:40 बजे शुरू हो सकी। इस दौरान मतदान केंद्र के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग गईं। एसडीएम सदर रूपिंद्र कौर मौके पर पहुंचीं और मशीन ठीक होने तक मौजूद रहीं। सबसे पहला वोट मुरारी शर्मा ने डाला। नगर निगम मंडी के कई बूथों पर प्रत्याशियों ने निर्धारित सीमा के भीतर ही प्रचार सामग्री और टेबल-कुर्सियां लगा दी थीं, जिन्हें हटवा दिया गया। गांधी चौक और तल्याहड़ बूथ सहित कुछ स्थानों पर प्रचार सामग्री लगाने को लेकर प्रत्याशियों और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। संवाद
नगर परिषद जोगिंद्रनगर चुनाव: पति अजय हारे, पत्नी चंद्ररेखा जीतीं
जोगिंद्रनगर नगर परिषद चुनाव में इस बार एक ही परिवार के दो सदस्यों ने चुनावी मैदान में किस्मत आजमाई थी। चुनाव परिणाम में पत्नी चंद्ररेखा को जीत मिली, जबकि पति अजय को हार का सामना करना पड़ा। दंपती के चुनाव लड़ने को लेकर क्षेत्र में पूरे चुनाव के दौरान चर्चा बनी रही। नगर परिषद के अलग-अलग वार्डों में चुनाव लड़ रहे अजय और चंद्ररेखा ने अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं से समर्थन मांगा था। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में चंद्ररेखा ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर जीत दर्ज की, जबकि अजय को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया और उन्हें पराजय झेलनी पड़ी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.