{"_id":"637a0c07dbfeb4491755344b","slug":"himachal-news-youth-missing-while-on-friendship-peak-trekking-in-manali-kullu","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: हिमस्खलन की चपेट में आने से शिमला का पर्वतारोही लापता, फ्रेंडशिप पीक की चढ़ाई करते हुआ हादसा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: हिमस्खलन की चपेट में आने से शिमला का पर्वतारोही लापता, फ्रेंडशिप पीक की चढ़ाई करते हुआ हादसा
Sun, 20 Nov 2022 07:00 PM IST
अरविन्द ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, मनाली (कुल्लू)
संवाद न्यूज एजेंसी, मनाली (कुल्लू)
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Sun, 20 Nov 2022 07:00 PM IST
सार
समुद्रतल से 17,490 फीट की ऊंचाई पर स्थित चोटी की ओर चढ़ते समय आशुतोष लापता हुआ है। थाना प्रभारी मुकेश राठौर की अगुवाई में रेस्क्यू दल तलाश में रवाना हो गया है।
विज्ञापन
तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम।
- फोटो : संवाद
विस्तार
अटल टनल रोहतांग के साथ लगती फ्रेंडशिप पीक में हिमस्खलन की चपेट में आने से शिमला का एक पर्वतारोही लापता हो गया है। पर्वतारोही आशुतोष पुत्र सुरेंद्र हिमटा निवासी गांव अड्शाला, उपतहसील देहा (चौपाल) के साथ गए दो अन्य साथियों ने इसकी जानकारी मनाली थाना पुलिस को आकर दी। बताया जा रहा है कि आशुतोष परिवार वालों को बिना बताए ट्रैकिंग पर गया था।
विज्ञापन
समुद्रतल से 17,490 फीट की ऊंचाई पर स्थित चोटी की ओर चढ़ते समय आशुतोष लापता हुआ है। थाना प्रभारी मुकेश राठौर की अगुवाई में एडवेंचर टूअर ऑपरेटर एसोसिएशन का रेस्क्यू दल उसकी तलाश में रवाना हो गया है। आशुतोष के साथियों शिमला के सचिन और मनाली के साहिल ने पुलिस थाने में बताया कि हम तीनों 17 नवंबर को फ्रेंडशिप पीक फतह करने निकले थे।
विज्ञापन
शनिवार को आशुतोष और साहिल चढ़ाई कर रहे थे, तभी सुबह 9:00 बजे फ्रेंडशिप पीक में हिमस्खलन हुआ, जिसमें आशुतोष लापता हो गया। सचिन और साहिल ने बताया कि दोपहर तक वे आशुतोष को तलाश करते रहे। जब उसका कोई पता नहीं चला तो शनिवार रात 8:00 बजे घटना की जानकारी देने मनाली थाने पहुंचे। एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर मनाली को भी इसकी जानकारी दी गई।
विज्ञापन
आशंका जताई जा रही है कि आशुतोष हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। एसडीएम ने तुरंत थाना प्रभारी मुकेश राठौर की अगुवाई में एडवेंचर टूअर ऑपरेटर एसोसिएशन का रेस्क्यू दल उसकी तलाश में रवाना कर दिया। एसडीएम ने बताया कि हिमस्खलन वाली जगह जोखिम भरी है। अभी आशुतोष का पता नहीं चल पाया है। सोमवार को एसोसिएशन के सदस्यों सहित पर्वतारोहण संस्थान की रेस्क्यू टीम के साथ बातचीत करेंगे। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ी तो रेस्क्यू के लिए हवाई सेवा भी ली जाएगी।